मामूली विवाद में युवक की कनपटी पर सटाकर गोली मारकर हत्या, तीन आरोपित हिरासत में

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

महराजगंज। पुरंदरपुर थाना क्षेत्र के मधुकरपुर महादेव गांव में मामूली विवाद को लेकर युवक की गोली मारकर हत्या किए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। वारदात के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। गोली लगने से गंभीर रूप से घायल युवक को परिजन और आसपास के लोगों की मदद से नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए गोरखपुर स्थित बीआरडी मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया।

बताया जा रहा है कि युवक की कनपटी पर सटाकर गोली मारी गई थी। गोरखपुर में इलाज के दौरान युवक ने दम तोड़ दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुरंदरपुर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।

पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो नामजद समेत तीन आरोपितों को हिरासत में लिया है। पुलिस के अनुसार, वारदात में इस्तेमाल किया गया तमंचा भी बरामद कर लिया गया है। हिरासत में लिए गए आरोपितों से घटना के संबंध में पूछताछ की जा रही है।

पुलिस घटना के कारणों, विवाद की पूरी पृष्ठभूमि और वारदात में शामिल अन्य पहलुओं की जांच कर रही है। युवक की मौत की सूचना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस द्वारा मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

और पढ़ें

[the_ad id="164"]