इंदिरानगर में तंबाकू नियंत्रण टीम की कार्रवाई, 15 दुकानों पर 2,900 रुपये का जुर्माना।

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

लखनऊ। राष्ट्रीय तंबाकू नियंत्रण कार्यक्रम के तहत गुरुवार को नगरीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) इंदिरानगर में तंबाकू के दुष्प्रभावों को लेकर जागरूकता एवं प्रवर्तन अभियान चलाया गया। मुख्य चिकित्सा अधिकारी, लखनऊ की अध्यक्षता तथा डॉ. निशांत निर्वाण, उप मुख्य चिकित्सा अधिकारी एवं नोडल अधिकारी, जिला तंबाकू नियंत्रण प्रकोष्ठ, लखनऊ के निर्देशन में अभियान संचालित किया गया।

जिला तंबाकू नियंत्रण टीम की ओर से डॉ. मयंक चौधरी, जिला सलाहकार और विनोद सिंह यादव, सामाजिक कार्यकर्ता शामिल रहे। वहीं संयुक्त पुलिस आयुक्त, कानून एवं व्यवस्था, लखनऊ कार्यालय की ओर से गठित इनफोर्समेंट स्क्वायड टीम में एसआई रविन्द्र सिंह, टीम प्रभारी तथा हेड कांस्टेबल सतीश कुमार मौजूद रहे।

अभियान के दौरान सीएचसी इंदिरानगर में मेडिकल विभाग के प्रशिक्षु विद्यार्थियों को एफजीडी (फोकस ग्रुप डिस्कशन) के माध्यम से तंबाकू सेवन से होने वाले दुष्प्रभावों और इससे जुड़ी बीमारियों के बारे में जानकारी दी गई। प्रशिक्षुओं को तंबाकू उत्पादों का सेवन न करने और दूसरों को भी इसके सेवन से रोकने की शपथ दिलाई गई।

इसके बाद स्वास्थ्य केंद्र एवं उसके आसपास की दुकानों का कोटपा अधिनियम-2003 के तहत औचक निरीक्षण किया गया। जांच के दौरान 15 दुकानों पर अधिनियम की धारा-4 का उल्लंघन पाए जाने पर कार्रवाई करते हुए कुल 2,900 रुपये का जुर्माना वसूला गया।

अभियान के दौरान दुकानदारों और स्थानीय लोगों को तंबाकू सेवन से होने वाली गंभीर बीमारियों के प्रति जागरूक किया गया। साथ ही तंबाकू उन्मूलन केंद्र की सुविधाओं और कोटपा अधिनियम-2003 के प्रावधानों की जानकारी भी दी गई। अधिकारियों ने लोगों से तंबाकू उत्पादों से दूरी बनाने तथा सार्वजनिक स्थानों पर तंबाकू सेवन को रोकने में सहयोग करने की अपील की।

और पढ़ें

[the_ad id="164"]