कुशीनगर। सेवा संकल्प अभियान ‘जन सेवा से देश सेवा’ के प्रथम दिवस पर गुरुवार को जनपद के समस्त कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालयों में विभिन्न जागरूकता एवं रचनात्मक कार्यक्रम आयोजित किए गए। छात्राओं ने प्रभात फेरी और जागरूकता रैली निकालकर जनसेवा, स्वच्छता, शिक्षा, पर्यावरण संरक्षण और ‘विकसित भारत 2047’ का संदेश दिया।
अभियान के तहत विद्यालय परिसरों में रंगोली प्रतियोगिता, पोस्टर निर्माण, निबंध लेखन समेत विभिन्न रचनात्मक गतिविधियां आयोजित की गईं। छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग करते हुए अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। रैली के दौरान छात्राओं ने लोगों को स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, शिक्षा और सामाजिक जिम्मेदारी के प्रति जागरूक किया।
*पोस्टर और निबंध के जरिए दिखाया विकसित भारत का विजन*
सेवरही स्थित लोकमान्य इंटरमीडिएट कॉलेज, जानकी नगर में भी ‘विकसित भारत 2047’ विषय पर पोस्टर एवं निबंध लेखन प्रतियोगिता आयोजित हुई। विद्यार्थियों ने राष्ट्र निर्माण, नवाचार, पर्यावरण संरक्षण, शिक्षा, आत्मनिर्भरता और विकसित भारत के विजन को अपनी रचनाओं के माध्यम से प्रस्तुत किया। कार्यक्रम प्रधानाचार्य सुनील कुमार मिश्रा के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ।
अभियान के दौरान छात्राओं एवं विद्यार्थियों ने सेवा, समर्पण और राष्ट्र निर्माण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की। आयोजकों ने बताया कि ऐसे कार्यक्रमों का उद्देश्य युवाओं में सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना विकसित करना तथा उन्हें देश के विकास में अपनी भूमिका के प्रति जागरूक करना है।
सेवा संकल्प अभियान के प्रथम दिवस पर आयोजित गतिविधियों में ‘युवा शक्ति, राष्ट्र शक्ति, जन सेवा और विकसित भारत 2047’ का संदेश प्रमुखता से दिया गया। अभियान के तहत आगामी दिनों में भी जनपद में विभिन्न जनसेवा, जागरूकता एवं जनकल्याणकारी कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
साजिद अंसारी पड़रौना









