बृजमनगंज नगर पंचायत कार्यालय में विश्वकर्मा पूजन, नगर अध्यक्ष राकेश जायसवाल ने विधि-विधान से की वाहनों की पूजा

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

बृजमनगंज, महराजगंज। आदर्श नगर पंचायत बृजमनगंज कार्यालय परिसर में बुधवार को विश्वकर्मा जयंती के पावन अवसर पर भगवान विश्वकर्मा की पूजा-अर्चना का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में नगर पंचायत के अधिकारी, कर्मचारी, सभासद, सफाईकर्मी और वाहन चालक शामिल हुए। इस दौरान नगर पंचायत परिसर में धार्मिक माहौल बना रहा।

नगर पंचायत अध्यक्ष राकेश जायसवाल ने विधि-विधान और मंत्रोच्चार के साथ भगवान विश्वकर्मा की पूजा-अर्चना की। पूजा के बाद नगर पंचायत में संचालित विभिन्न वाहनों और मशीनों की भी विधिवत पूजा की गई। जेसीबी, ट्रैक्टर, टैंकर, कचरा वाहन समेत अन्य वाहनों को साफ-सफाई के बाद तिलक लगाया गया और माल्यार्पण कर पूजा-अर्चना की गई। नगर पंचायत कर्मियों ने भगवान विश्वकर्मा से नगर क्षेत्र में विकास कार्यों को सुचारू रूप से संचालित करने और नगरवासियों के सुख-समृद्धि की कामना की।

इस अवसर पर नगर पंचायत अध्यक्ष राकेश जायसवाल ने कहा कि भगवान विश्वकर्मा को सृजन, निर्माण और तकनीकी कार्यों का देवता माना जाता है। नगर पंचायत के विकास और निर्माण कार्यों में मशीनों एवं वाहनों की महत्वपूर्ण भूमिका है। भगवान विश्वकर्मा के आशीर्वाद से नगर में विकास कार्य निरंतर आगे बढ़ते रहें, यही कामना है।

उन्होंने कहा कि नगर पंचायत के सफाई कार्य, जलापूर्ति, सड़क निर्माण तथा अन्य जनहित से जुड़े कार्यों में वाहनों और मशीनों का महत्वपूर्ण योगदान रहता है। विश्वकर्मा जयंती पर इन सभी संसाधनों की पूजा कर उनके सुरक्षित और बेहतर संचालन की कामना की गई।

पूजन कार्यक्रम में सभासद झीनक विश्वकर्मा, राजन चौरसिया, सनी रैना, कर्मचारी विजय शंकर पांडेय, दीपक विश्वकर्मा, सफाईकर्मी राजकुमार चौरसिया तथा वाहन चालक राजू, सोनू, पिंटू, ओमकार, अनिल कुमार, अखिलेश्वर, विक्की, दुर्गेश कुमार और प्रमोद कुमार सहित नगर पंचायत के अन्य कर्मचारी मौजूद रहे। पूजा-अर्चना के बाद सभी को प्रसाद वितरित किया गया।

और पढ़ें

[the_ad id="164"]