महराजगंज। जनगणना-2027 के द्वितीय चरण यानी जनसंख्या गणना (Population Enumeration-PE) के सफल एवं सुचारू संचालन के लिए गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभागार में प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्रशिक्षण के दूसरे दिन जिले के समस्त चार्ज अधिकारी उपस्थित रहे। जिला जनगणना प्रभारी अम्बिका मौर्य ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को जनसंख्या गणना से संबंधित आवश्यक जानकारी और प्रशिक्षण प्रदान किया।
प्रशिक्षण के दौरान जनसंख्या गणना की प्रक्रिया, कार्यों के प्रभावी संचालन तथा इसमें अधिकारियों एवं कर्मचारियों की जिम्मेदारियों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। जिला जनगणना प्रभारी ने बताया कि जनगणना कार्य को निर्धारित प्रक्रिया और समयबद्ध तरीके से पूरा करने के लिए सभी स्तरों पर समन्वय जरूरी है।
जनगणना-2027 के द्वितीय चरण की तैयारियों के तहत चार्ज में तैनात सभी तकनीकी सहायकों और जनगणना लिपिकों को CMMS पोर्टल पर किए जाने वाले कार्यों का चरणबद्ध प्रशिक्षण दिया गया। प्रशिक्षण में पोर्टल पर विभिन्न कार्यों को किस प्रकार संपादित किया जाना है, इसकी स्टेप-बाय-स्टेप प्रक्रिया समझाई गई।

इस दौरान तकनीकी सहायकों एवं संबंधित कर्मचारियों को पोर्टल संचालन से जुड़ी महत्वपूर्ण प्रक्रियाओं की जानकारी दी गई। प्रशिक्षण के दौरान कर्मचारियों द्वारा पूछे गए सवालों और तकनीकी समस्याओं का समाधान भी जिला जनगणना प्रभारी द्वारा किया गया।
अधिकारियों ने जनगणना-2027 के द्वितीय चरण की तैयारियों को गंभीरता से पूरा करने तथा निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुरूप कार्य सुनिश्चित करने पर जोर दिया। प्रशिक्षण कार्यक्रम का उद्देश्य जनसंख्या गणना के दौरान किसी प्रकार की तकनीकी अथवा प्रशासनिक कठिनाई न हो और कार्य सुचारू रूप से संपन्न कराया जा सके।









