कुशीनगर। कप्तानगंज थाना क्षेत्र के भीउरा गांव के पास बुधवार देर रात रेलवे लाइन किनारे करीब 60 वर्षीय व्यक्ति का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। स्थानीय लोगों ने शव पड़ा देखा तो इसकी सूचना तत्काल पुलिस को दी। सूचना मिलते ही कप्तानगंज पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।
बताया जा रहा है कि बुधवार रात करीब 10 बजे कप्तानगंज-घुघली रेलवे लाइन पर पोल नंबर 355 के पास एक व्यक्ति का शव पड़ा मिला था। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव की तलाशी ली। मृतक की जेब से आधार कार्ड और एक कागज मिला, जिस पर मोबाइल नंबर लिखा हुआ था। पुलिस ने नंबर पर संपर्क किया तो पता चला कि वह मृतक के बेटे का नंबर है।
इसके बाद मृतक की पहचान गोरखपुर जिले के जंगल औराही क्षेत्र के तूरा बाजार टोला रामपुर निवासी सहती पुत्र बदरी के रूप में हुई। पुलिस ने परिजनों को घटना की जानकारी दी।
कप्तानगंज थानाध्यक्ष धीरेंद्र राय के अनुसार, शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारण का पता चल सकेगा। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है।









