TET/CTET उत्तीर्ण शिक्षामित्रों ने सहायक अध्यापक पद पर नियमित नियुक्ति की मांग उठाई

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

महराजगंज। जिला मुख्यालय पर शिक्षामित्र पात्रता TET/CTET एसोसिएशन उत्तर प्रदेश के जिला अध्यक्ष शेषमणि के नेतृत्व में शिक्षामित्रों ने जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन के माध्यम से उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री से RTE Act 2009 एवं NCTE मानकों के तहत TET/CTET उत्तीर्ण शिक्षामित्रों को सहायक अध्यापक पद पर नियमित नियुक्ति देने की मांग की गई।

जिला अध्यक्ष शेषमणि ने अपने पत्र में कहा कि RTE Act 2009 की धारा 23(1) एवं NCTE की अधिसूचनाओं के अनुसार राष्ट्रीय अध्यापक पात्रता परीक्षा (TET/CTET) सहायक अध्यापक पद के लिए अनिवार्य न्यूनतम अर्हताओं में शामिल है। उन्होंने दावा किया कि जनपद महराजगंज के संबंधित शिक्षामित्र इस पात्रता को पूरा कर चुके हैं।

ज्ञापन में सर्वोच्च न्यायालय के आदेशों का हवाला देते हुए कहा गया कि पात्रता की आवश्यक शर्तें पूरी करने वाले शिक्षामित्रों के संबंध में सहायक अध्यापक के रूप में समायोजन अथवा नियमित नियुक्ति का रास्ता अपनाया जा सकता है। संगठन ने उत्तराखंड मॉडल का भी उल्लेख किया, जहां उनके अनुसार TET उत्तीर्ण शिक्षामित्रों को सहायक अध्यापक पद पर नियुक्ति दी गई है।

शेषमणि ने कहा कि शिक्षामित्र लंबे समय से बेसिक शिक्षा विभाग में अपनी सेवाएं दे रहे हैं और अल्प मानदेय पर विद्यालयों में शिक्षण कार्य कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि अब TET/CTET जैसी आवश्यक पात्रता हासिल कर चुके शिक्षामित्रों को उनकी योग्यता और अनुभव के आधार पर सहायक अध्यापक पद पर नियमित नियुक्ति का अवसर मिलना चाहिए।

संगठन ने मुख्यमंत्री से मांग की कि RTE नियमों, NCTE मानकों, न्यायालय के आदेशों और उत्तराखंड मॉडल का अध्ययन करते हुए उत्तर प्रदेश के TET/CTET उत्तीर्ण शिक्षामित्रों को सहायक अध्यापक पद पर नियमित नियुक्ति प्रदान करने के संबंध में उचित कार्रवाई की जाए। ज्ञापन के माध्यम से शिक्षामित्रों ने अपनी मांग पर शासन स्तर से सकारात्मक निर्णय की अपेक्षा जताई।

इस मौके पर शेषमणि, बेचई प्रसाद, सोभा सरकार, पुनम तिवारी, गीता भारती, सीमा निषाद तथा अन्य लोग उपस्थित रहे |

और पढ़ें

[the_ad id="164"]