कुवैत में युवक की मौत, घर आने से पहले टूटा परिवार का सपना

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

डेढ़ साल बाद शुक्रवार को लौटना था घर, अचानक तबीयत बिगड़ने से हुई मौत; शव भारत लाने की कवायद

ठूठीबारी/महराजगंज। ठूठीबारी कोतवाली क्षेत्र के ग्राम सभा कड़जा निवासी 33 वर्षीय रामबेलास गुप्ता की कुवैत में आकस्मिक मौत हो गई। मौत की खबर मिलते ही गांव स्थित उनके घर में कोहराम मच गया। पत्नी सुमन गुप्ता समेत परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। परिवार में मातम पसरा हुआ है।

परिजनों के मुताबिक रामबेलास गुप्ता करीब डेढ़ साल पहले रोजगार के सिलसिले में खाड़ी देश कुवैत गए थे। वहां वह काम करते थे और परिवार के बेहतर भविष्य के लिए मेहनत कर रहे थे। लंबे समय से विदेश में रहने के बाद उन्होंने घर लौटने की तैयारी की थी। बताया गया कि उन्होंने भारत आने के लिए टिकट भी करा लिया था और शुक्रवार को उनकी घर वापसी होनी थी।

घर लौटने की खुशी के बीच मंगलवार 15 सितंबर की शाम करीब तीन बजे अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई। इसके बाद उनकी मौत हो गई। कुवैत से मौत की सूचना परिजनों तक पहुंची तो घर लौटने की तैयारियां मातम में बदल गईं। जिस परिवार को रामबेलास के आने का इंतजार था, वहां अब उनके शव के आने की प्रतीक्षा है।

रामबेलास के परिवार में पत्नी सुमन गुप्ता के अलावा 15 वर्षीय पुत्र किशन गुप्ता और पांच वर्षीय पुत्री आराध्या हैं। पिता की मौत की खबर से दोनों बच्चों का भी रो-रोकर बुरा हाल है। परिवार के लिए यह हादसा बेहद दुखद है, क्योंकि रामबेलास परिवार की जिम्मेदारियां संभालने और बच्चों के भविष्य को बेहतर बनाने के लिए विदेश में काम कर रहे थे।

परिजन अब कुवैत से रामबेलास का शव भारत लाने के लिए संबंधित लोगों और अधिकारियों से संपर्क कर रहे हैं। परिवार की कोशिश है कि आवश्यक प्रक्रिया जल्द पूरी हो और शव को भारत लाया जा सके। परिजनों ने शासन-प्रशासन और संबंधित जिम्मेदारों से शव जल्द भारत लाने में सहयोग की उम्मीद जताई है, ताकि परिजन अंतिम दर्शन कर सकें और विधि-विधान से अंतिम संस्कार किया जा सके।

रामबेलास की मौत की खबर से गांव में भी शोक का माहौल है। ग्रामीणों ने पीड़ित परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए इस दुख की घड़ी में उनके साथ खड़े रहने की बात कही है।

और पढ़ें

[the_ad id="164"]