श्यामदेउरवा थाना क्षेत्र में निर्माणाधीन सीढ़ी भरभराकर गिरी, मजदूर मलबे में दबाः अस्पताल में भर्ती, स्कूल में 13 दिन पहले शुरू हुआ था काम

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

महराजगंज। श्यामदेउरवा थाना क्षेत्र के परतावल के हरपुर चौराहे स्थित श्रीमती प्रभावती देवी इंटरमीडिएट कॉलेज में बुधवार सुबह निर्माणाधीन सीढ़ी अचानक भरभराकर गिर गई। हादसे में निर्माण कार्य में लगा 45 वर्षीय मजदूर मलबे के नीचे दबकर गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल मजदूर की पहचान भिटौली थाना क्षेत्र के जिद्दूपिपरा निवासी बदरेआलम पुत्र जलुश के रूप में हुई है।

बताया जा रहा है कि कॉलेज परिसर में नई सीढ़ी के निर्माण का काम करीब 13 दिन पहले शुरू हुआ था। बुधवार सुबह दो मजदूर निर्माणाधीन सीढ़ी को खोलने और निर्माण से संबंधित कार्य में जुटे थे। इसी दौरान अचानक सीढ़ी का पूरा हिस्सा भरभराकर नीचे आ गिरा। सीढ़ी के मलबे में बदरेआलम दब गया, जबकि घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई।

हादसे की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और बचाव कार्य में जुट गए। लोगों ने कड़ी मशक्कत के बाद मलबा हटाकर मजदूर को बाहर निकाला। हादसे में उसके शरीर के विभिन्न हिस्सों में गंभीर चोटें आईं।

घटना के बाद स्कूल प्रबंधन की ओर से घायल मजदूर को तत्काल महदेवा चौराहे स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। अस्पताल में उसका उपचार चल रहा है। परिजनों के मुताबिक, हादसे में मजदूर को गंभीर चोटें आई हैं और चिकित्सकों की निगरानी में उसका इलाज किया जा रहा है।

निर्माणाधीन सीढ़ी अचानक गिरने की घटना के बाद स्कूल परिसर में सुरक्षा व्यवस्था और निर्माण कार्य की गुणवत्ता को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि निर्माण कार्य के दौरान सुरक्षा मानकों का ध्यान रखा जाना जरूरी है, ताकि इस तरह के हादसों को रोका जा सके।

फिलहाल घटना के कारणों को लेकर स्कूल प्रबंधन की ओर से विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है। हादसे के बाद कॉलेज परिसर में निर्माण कार्य को लेकर लोगों के बीच चर्चा बनी हुई है।

और पढ़ें

[the_ad id="164"]