कुशीनगर जिले के हाटा बिजली सब स्टेशन पर मंगलवार को उस समय अफरा-तफरी की स्थिति बन गई, जब सैकड़ों की संख्या में लोग विद्युत व्यवस्था से नाराज होकर पहुंच गए। आक्रोशित लोगों ने विद्युत सब स्टेशन में ताला लगाने का प्रयास किया। हालांकि मौके पर पहुंचे बिजली विभाग के अधिकारियों ने लोगों को समझा-बुझाकर शांत कराया और समस्या के समाधान का आश्वासन दिया।
मामला हाटा नगर पालिका क्षेत्र के पड़री फीडर से जुड़ा है। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि नगर पालिका क्षेत्र में शामिल होने के वर्षों बाद भी कई इलाकों में ग्रामीण फीडर से बिजली की आपूर्ति की जा रही है। इसके चलते रात में लगातार बिजली कटौती का सामना करना पड़ रहा है।
लोगों का कहना है कि करीब डेढ़ माह पहले हाटा विधायक मोहन वर्मा की ओर से पड़री फीडर के नगरीकरण को लेकर पत्र दिया गया था। उस समय 15 दिन में फीडर को नगरीय व्यवस्था से जोड़ने का लिखित आश्वासन दिया गया था, लेकिन समय बीतने के बाद भी समस्या जस की तस बनी हुई है।
इसी नाराजगी में मंगलवार को बड़ी संख्या में लोग 33 केवीए विद्युत उपकेंद्र हाटा पहुंचे और धरने पर बैठ गए। प्रदर्शनकारियों ने फीडरों की बिजली आपूर्ति भी बंद करा दी। सूचना पर एसडीओ बलदेव सिंह और जेई अरविंद कुमार मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने लोगों से बातचीत की और लिखित आश्वासन दिया, जिसके बाद प्रदर्शनकारी शांत हुए।
अब लोगों की नजर इस बात पर है कि वर्षों से चली आ रही ग्रामीण बिजली व्यवस्था से उन्हें कब तक निजात मिलती है।









