कसया। उत्तर प्रदेश किसान सभा की जिला कमेटी कुशीनगर ने मंगलवार को जनसमस्याओं के निवारण की मांग को लेकर मुख्यमंत्री के नाम ज्वाइंट मजिस्ट्रेट कसया को ज्ञापन सौंपा। किसान सभा ने खाद की किल्लत, महंगाई, जलभराव, बिजली कटौती, धान खरीद और किसानों की अन्य समस्याओं के समाधान की मांग की।
ज्ञापन में खाने-पीने की वस्तुओं, रसोई गैस, चीनी और प्याज की बढ़ती कीमतों पर रोक लगाने, किसानों को पर्याप्त खाद उपलब्ध कराने तथा जलभराव की समस्या दूर करने के लिए नालों की समुचित जलनिकासी व्यवस्था कराने की मांग की गई। जलभराव से फसलों को हुए नुकसान पर 30 हजार रुपये प्रति एकड़ मुआवजा देने की मांग भी उठाई गई।
किसान सभा ने बिजली की अघोषित कटौती और बिलों में गड़बड़ी पर रोक लगाने, धान की न्यूनतम समर्थन मूल्य पर खरीद के लिए पर्याप्त सरकारी केंद्र खोलने तथा गन्ने का मूल्य 550 रुपये प्रति क्विंटल निर्धारित करने की मांग की। नीलगाय और छुट्टा पशुओं से फसलों को बचाने, सीलिंग की जमीनों को आवास और खेती के लिए पट्टे पर देने तथा धार्मिक आयोजनों में ध्वनि विस्तारक यंत्रों और हथियारों पर रोक लगाने की भी मांग की गई।
इस दौरान अयोध्या लाल श्रीवास्तव, गेंदा सिंह, विजय कुमार श्रीवास्तव, बीपी गुप्ता, दुर्गा यादव, रामेश्वर सिंह, राजेंद्र सिंह और महमूद आदि शामिल रहे।









