ट्रांसफर के 24 दिन बाद भी पुराने उपकेंद्र पर डटी एएनएम, ग्रामीणों में नाराजगी

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

शिकायत के बाद 18 अगस्त को सीएमओ ने किया था स्थानांतरण, नई तैनाती पर नहीं पहुंचने का आरोप

नेबुआ नौरंगिया (कुशीनगर)। नेबुआ नौरंगिया ब्लॉक के सौरहा बुजुर्ग गांव स्थित स्वास्थ्य उपकेंद्र में तैनात एएनएम के स्थानांतरण के बावजूद पुराने उपकेंद्र पर ही काम करने का मामला सामने आया है। ग्रामीणों का आरोप है कि स्थानांतरण आदेश जारी होने के करीब 24 दिन बाद भी एएनएम ने नई तैनाती स्थल पर कार्यभार ग्रहण नहीं किया और पुराने उपकेंद्र पर ही सेवाएं दे रही हैं। इससे ग्रामीणों में स्वास्थ्य विभाग के प्रति नाराजगी है।

जानकारी के अनुसार, ग्राम प्रधान ईश्तेयाक अहमद समेत करीब 18 ग्रामीणों ने 18 अगस्त को मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) को शिकायत पत्र देकर एएनएम पर टीकाकरण में लापरवाही, स्वास्थ्य उपकेंद्र पर नियमित रूप से मौजूद नहीं रहने और ग्रामीणों से गलत तरीके से बात करने के आरोप लगाए थे। शिकायतकर्ताओं में सबीर आलम, सैफ अली, एजाज, मोमीन अंसारी, सत्येंद्र, शाहिद, सब्बीर आलम, संदीप, रामानंद और गिरिजेश साहनी समेत अन्य लोग शामिल थे।

शिकायत में ग्रामीणों ने आरोप लगाया था कि गांव के लोगों को जरूरी दवाएं और स्वास्थ्य सुविधाएं समय से नहीं मिल पा रही हैं। ग्राम प्रधान ने एएनएम पर स्वास्थ्य उपकेंद्र को अपने निजी घर की तरह इस्तेमाल करने का भी आरोप लगाया था और उनका स्थानांतरण करने की मांग की थी।

शिकायत के बाद सीएमओ ने 18 अगस्त को ही एएनएम का स्थानांतरण सौरहा बुजुर्ग से ढोलहा उपकेंद्र पर कर दिया था। इसके बावजूद ग्रामीणों का आरोप है कि एएनएम नई तैनाती पर जाने के बजाय पुराने उपकेंद्र पर ही कार्य कर रही हैं। ग्रामीणों का कहना है कि स्थानांतरण आदेश के बाद भी व्यवस्था में बदलाव नहीं होने से विभागीय कार्रवाई पर सवाल उठ रहे हैं।

वहीं, मामले में प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. रजनीश श्रीवास्तव ने बताया कि स्थानांतरण के बाद एएनएम छुट्टी पर चली गई हैं। छुट्टी समाप्त होने के बाद वह अपनी नई तैनाती वाली जगह पर कार्यभार संभालेंगी।

और पढ़ें

[the_ad id="164"]