महराजगंज। श्यामदेउरवां थाना क्षेत्र के सेमरा चंदरौली गांव में रविवार रात करीब 10:30 बजे हुए सड़क हादसे में बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गई। दोनों युवक परतावल से महराजगंज की ओर जा रहे थे। इसी दौरान गांव के पास एचडीएफसी बैंक के सामने अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। हादसे के बाद चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया।
स्थानीय लोगों की सूचना पर डायल-112 पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों युवकों को गंभीर हालत में एंबुलेंस की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र परतावल भेजा। अस्पताल में चिकित्सकों ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दुर्घटना की स्थिति की जानकारी ली और आवश्यक कार्रवाई शुरू की।
मृतकों की पहचान सूरज (19) पुत्र बधूराम और नीतीश (16) पुत्र अमरनाथ के रूप में हुई है। दोनों कोतवाली थाना क्षेत्र के पीपरदेउवा गांधी नगर के निवासी बताए गए हैं। बताया जा रहा है कि दोनों किसी काम से बाइक से परतावल की ओर गए थे और रात में वापस महराजगंज की तरफ लौट रहे थे। इसी दौरान सेमरा चंदरौली गांव के पास उनकी बाइक अज्ञात वाहन की चपेट में आ गई।
हादसे की जानकारी मिलने के बाद मृतकों के परिजन अस्पताल पहुंचे। दोनों युवकों की मौत की खबर सुनते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में भी घटना को लेकर शोक का माहौल है।
पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ ही हादसे के बाद फरार हुए अज्ञात वाहन और उसके चालक की तलाश में जुटी है। पुलिस का कहना है कि वाहन की पहचान होने के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।









