वीरांगनाओं के सम्मान पर लापरवाही का दाग,लखीमपुर का सेल्फी कॉर्नर बदहाल

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

लखीमपुर खीरी। देश की वीरांगना महिला अधिकारियों के सम्मान और नारी शक्ति को प्रदर्शित करने के उद्देश्य से नगर पालिका लखीमपुर की ओर से शहर कोतवाली के पास बनाया गया सेल्फी कॉर्नर इन दिनों उपेक्षा का शिकार है।

लाखों रुपये की लागत से तैयार किए गए इस स्थल की मौजूदा स्थिति व्यवस्था और रखरखाव पर सवाल खड़े कर रही है।सेल्फी कॉर्नर पर कर्नल सोफिया कुरैशी और भारतीय वायुसेना की विंग कमांडर व्योमिका सिंह की तस्वीरें लगाई गई थीं। मई 2025 में पाकिस्तान के आतंकी ठिकानों के खिलाफ भारत द्वारा चलाए गए ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के दौरान दोनों महिला अधिकारियों ने आधिकारिक प्रेस ब्रीफिंग में देश का प्रतिनिधित्व किया था। उनकी भूमिका देश की नारी शक्ति, साहस और देशसेवा का प्रतीक बनी थी।

इसी ऐतिहासिक भूमिका और महिला शक्ति को सम्मान देने के लिए देश के विभिन्न हिस्सों में इनके चित्रों वाले सेल्फी पॉइंट और होर्डिंग लगाए गए थे।लखीमपुर शहर में भी ऐसा ही सेल्फी कॉर्नर बनाया गया, ताकि लोग इन जांबाज महिला अधिकारियों के योगदान को जान सकें और उनके प्रति सम्मान व्यक्त कर सकें।हालांकि देखरेख के अभाव में अब इस स्थल की स्थिति इसके मूल उद्देश्य पर ही सवाल खड़े कर रही है।

मौके पर कर्नल सोफिया कुरैशी की तस्वीर जमीन पर पड़ी नजर आती है और स्थल की व्यवस्था भी बदहाल दिखाई दे रही है। सबसे बड़ी चिंता यह है कि जिम्मेदार लोगों का इस ओर ध्यान नहीं जा रहा है।स्थानीय लोगों का कहना है कि किसी भी सम्मान स्थल को तैयार करने के बाद उसकी नियमित देखरेख भी उतनी ही जरूरी है।

यदि समय रहते ध्यान नहीं दिया गया तो लाखों रुपये की लागत से तैयार किया गया यह स्थल अपने उद्देश्य से भटक सकता है।अब सवाल यह है कि क्या नगर पालिका और संबंधित जिम्मेदार अधिकारी इस सम्मान स्थल की स्थिति का संज्ञान लेकर इसकी उचित देखरेख और व्यवस्था सुनिश्चित करेंगे।

और पढ़ें

[the_ad id="164"]