पहली बारिश में ही धंसा पुलिया का एप्रोच, निर्माण की गुणवत्ता पर ग्रामीणों ने उठाए सवालबारिश में ही धंसा पुलिया का एप्रोच, निर्माण की गुणवत्ता पर ग्रामीणों ने उठाए सवाल

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

खड्डा। कुशीनगर और महराजगंज जनपद को जोड़ने वाली सड़क पर महराजगंज जनपद की सीमा शुरू होते ही पुलिया के आसपास की जमीन धंसने से राहगीरों की परेशानी बढ़ गई है। पुलिया के दोनों तरफ बना एप्रोच बारिश के बाद कई जगह धंस गया है। इसके साथ ही आसपास कराई गई इंटरलॉकिंग भी बैठ गई है। ग्रामीणों ने निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर सवाल उठाते हुए जिम्मेदार अधिकारियों से जांच और जल्द मरम्मत की मांग की है।

बताया जा रहा है कि कुशीनगर जनपद के ग्राम सभा चामरडीहा की सीमा समाप्त होने के बाद महराजगंज जनपद की शुरुआत होती है। इसी मार्ग से होकर लोग महराजगंज के कटहरी चौराहे की ओर आवागमन करते हैं। जनपदों को जोड़ने वाली इस महत्वपूर्ण सड़क पर पुलिया का निर्माण कराया गया है। लेकिन निर्माण के कुछ समय बाद ही पुलिया के आसपास की मिट्टी धंसने लगी। बारिश होने के बाद स्थिति और खराब हो गई।

ग्रामीणों का आरोप है कि पुलिया बनने के बाद हुई पहली बारिश में ही इसके बगल में बनाया गया एप्रोच धंस गया। कई स्थानों पर जमीन बैठने से सड़क का स्तर नीचे हो गया है। पुलिया के आसपास कराई गई इंटरलॉकिंग भी धंसकर क्षतिग्रस्त हो गई है। इससे दोपहिया और चारपहिया वाहनों के साथ पैदल आने-जाने वाले लोगों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

चामरडीहा निवासी रमाकान्त ने बताया कि पुलिया बनने के समय से ही इसके आसपास की स्थिति ठीक नहीं थी। उन्होंने कहा कि पुलिया के पास सड़क खराब होने के कारण लोगों को आने-जाने में दिक्कत होती थी। स्थिति को देखते हुए उन्होंने खुद अपने घर से कुदाल लेकर मिट्टी डालकर रास्ते को चलने लायक बनाया, जिसके बाद लोगों का आवागमन किसी तरह सुचारु हो सका।

ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते पुलिया के दोनों तरफ धंसे एप्रोच और इंटरलॉकिंग की मरम्मत नहीं कराई गई तो बारिश के दौरान समस्या और गंभीर हो सकती है। सड़क का हिस्सा और अधिक धंसने से दुर्घटना की आशंका भी बनी हुई है।

ग्रामीणों ने संबंधित विभाग के अधिकारियों से मौके पर पहुंचकर निर्माण कार्य की जांच कराने, धंसे हुए एप्रोच की मरम्मत कराने और पुलिया के आसपास मजबूत तरीके से मिट्टी भराई कराने की मांग की है। साथ ही निर्माण की गुणवत्ता की जांच कर दोषी पाए जाने पर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग भी की गई है।

और पढ़ें

[the_ad id="164"]