खड्डा विधायक के निर्देश पर सड़क के गड्ढे भरने का काम शुरू, जल्द होगा चौड़ीकरण

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

खड्डा। खड्डा तहसील क्षेत्र से पीडब्ल्यूडी सड़क तुर्कहा होते हुए शाहपुर नौकटोला, लक्ष्मीपुर और भगवानपुर होते हुए नारायण नदी के वीरभर ठोकर तक जाने वाले मुख्य मार्ग की बदहाली को लेकर अब जिम्मेदार विभाग ने कार्रवाई शुरू कर दी है। सड़क पर बने बड़े-बड़े गड्ढों और बारिश के कारण हुए जलभराव से लोगों को हो रही परेशानी के बाद अधिकारियों ने मौके का निरीक्षण किया था। निरीक्षण के बाद अब गड्ढों को भरने का कार्य शुरू कर दिया गया है।

बताया जा रहा है कि लक्ष्मीपुर ग्राम सभा के प्रधान आनंद चौहान ने सड़क की बदहाल स्थिति की जानकारी खड्डा विधायक विवेकानंद पांडेय को फोन के माध्यम से दी थी। प्रधान ने बारिश के कारण सड़क के कई स्थानों पर टूटने और गहरे गड्ढे होने से राहगीरों, स्कूली बच्चों और वाहन चालकों को हो रही परेशानी से विधायक को अवगत कराया।

प्रधान की सूचना के बाद विधायक ने संबंधित अधिकारियों को तत्काल सड़क का निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। विधायक के निर्देश के बाद अधिकारी मौके पर पहुंचे और सड़क की स्थिति का जायजा लिया। निरीक्षण के बाद अब सड़क पर बने गड्ढों को भरने का काम शुरू कर दिया गया है, जिससे फिलहाल राहगीरों को राहत मिलने की उम्मीद है।

जल्द शुरू होगा सड़क चौड़ीकरण का काम

खड्डा विधायक विवेकानंद पांडेय ने बताया कि यह सड़क पहले से ही स्वीकृत है और इसका चौड़ीकरण किया जाना है। उन्होंने कहा कि सड़क को वर्तमान सड़क की तुलना में अधिक चौड़ा बनाया जाएगा। जल्द ही सड़क चौड़ीकरण का कार्य शुरू होगा और इसी के साथ सड़क का निर्माण भी कराया जाएगा।

ग्रामीणों का कहना है कि सड़क लंबे समय से खराब होने के कारण बारिश के मौसम में समस्या और गंभीर हो जाती है। कई जगह गड्ढों में पानी भर जाने से वाहन चालकों को परेशानी होती है। अब गड्ढों को भरने का कार्य शुरू होने और सड़क चौड़ीकरण की जानकारी मिलने के बाद ग्रामीणों में राहत की उम्मीद जगी है।

और पढ़ें

[the_ad id="164"]