महराजगंज। निचलौल थाना क्षेत्र में नहर में कूदी एक महिला की जान बचाने वाले दो बहादुर छात्रों को पुलिस अधीक्षक महराजगंज शक्ति मोहन अवस्थी ने प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। दोनों छात्रों के साहस और मानवीय संवेदना की पुलिस प्रशासन ने सराहना की तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
जानकारी के अनुसार, निचलौल थाना क्षेत्र में एक महिला के नहर में छलांग लगाने की सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस तत्काल मौके के लिए रवाना हुई। पुलिस टीम के पहुंचने से पहले ही मौके पर मौजूद दो छात्रों ने महिला को बचाने के लिए साहसिक कदम उठाया। मसीह सेवाश्रम इंटर कॉलेज में कक्षा 10 में पढ़ने वाले कृष्णा गुप्ता निवासी सेखुई, थाना चौक और सद्दाम हुसैन निवासी कोहडवल, थाना निचलौल ने अपनी जान की परवाह किए बिना नहर के तेज बहाव में उतरकर महिला को सकुशल बाहर निकाल लिया।
छात्रों के इस साहसिक प्रयास से महिला की जान बच गई। दोनों ने संकट की घड़ी में जिस तत्परता और निस्वार्थ भावना का परिचय दिया, उसकी पुलिस प्रशासन ने भूरि-भूरि प्रशंसा की।
इसी क्रम में शनिवार को दोनों बहादुर छात्रों को पुलिस अधीक्षक कार्यालय बुलाया गया। पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी ने दोनों छात्रों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि इन छात्रों ने अपनी सूझबूझ, साहस और मानवता का परिचय देते हुए सराहनीय कार्य किया है।
एसपी ने कहा कि संकट के समय किसी जरूरतमंद की मदद करना समाज के प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। दोनों छात्रों का यह साहस अन्य लोगों के लिए भी प्रेरणादायक है। सम्मान मिलने पर छात्रों और उनके परिवार के लोगों ने पुलिस प्रशासन के प्रति आभार जताया।









