महराजगंज। निचलौल थाना क्षेत्र में नहर में कूदी एक महिला की जान बचाने वाले कक्षा 10 के दो छात्रों के साहस और मानवता की पुलिस प्रशासन ने सराहना की है। पुलिस अधीक्षक महराजगंज शक्ति मोहन अवस्थी दोनों बहादुर छात्रों को सार्वजनिक रूप से प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित करेंगे।
जानकारी के अनुसार निचलौल थाना क्षेत्र में एक महिला द्वारा नहर में छलांग लगाने की सूचना पुलिस को मिली। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस टीम तत्काल मौके के लिए रवाना हुई। पुलिस के पहुँचने से पहले ही मौके पर मौजूद दो छात्रों ने अदम्य साहस का परिचय देते हुए महिला को बचाने का प्रयास शुरू कर दिया।
दोनों छात्रों कृष्णा गुप्ता निवासी सेखुई, थाना कोठीभार और सद्दाम हुसैन निवासी कोहड़वल, थाना निचलौल ने अपनी जान की परवाह किए बिना नहर के तेज बहाव में उतरकर महिला को सकुशल बाहर निकाल लिया। दोनों छात्र मसीह सेवाश्रम इंटर कॉलेज में कक्षा 10 में अध्ययनरत हैं।
पुलिस की जांच में महिला की पहचान करीब 30 वर्षीय सकीना अंसारी निवासी जेहदा, थाना कोठीभार के रूप में हुई। उसका ससुराल ग्राम छितौना, थाना निचलौल बताया गया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि पारिवारिक विवाद के चलते महिला ने यह कदम उठाया था।
महिला के सुरक्षित और स्वस्थ होने के बाद उसके परिजन मौके पर पहुंचे और उसे अपने साथ घर ले गए। घटना के बाद पुलिस प्रशासन ने दोनों छात्रों के साहस, सूझबूझ और मानवीय संवेदना की जमकर प्रशंसा की।
पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी ने दोनों छात्रों को सम्मानित करने का निर्णय लिया है। पुलिस प्रशासन का कहना है कि संकट की घड़ी में अपनी सुरक्षा की परवाह किए बिना किसी की जान बचाना सराहनीय और प्रेरणादायक कार्य है। दोनों छात्रों को सार्वजनिक रूप से सम्मानित किए जाने से अन्य युवाओं और नागरिकों को भी जरूरतमंदों की मदद करने की प्रेरणा मिलेगी।









