बिजनौर। चांदपुर क्षेत्र में कांवड़ यात्रा को शांतिपूर्ण और सकुशल संपन्न कराने तथा शिवाला कलां थाना क्षेत्र में मास्टर अयूब खान पर हुए हमले के मामले में त्वरित कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम को सम्मानित किया गया। पत्रकार प्रेस महासंघ, जनपद बिजनौर इकाई की ओर से शिवाला कलां थाने में सम्मान समारोह आयोजित किया गया।
इस दौरान सीओ चांदपुर देश दीपक सिंह, थाना प्रभारी त्रिवेंद्र सिंह समेत पुलिसकर्मियों को प्रशस्ति पत्र और शॉल भेंट कर सम्मानित किया गया। कांवड़ यात्रा के दौरान पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था और यातायात को लेकर लगातार ड्यूटी की। सीओ चांदपुर के नेतृत्व में हीमपुर दीपा, नूरपुर, शिवाला कलां और चांदपुर क्षेत्र में पुलिसकर्मियों ने मुस्तैदी से जिम्मेदारी संभाली, जिसके चलते कांवड़ यात्रा शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुई।
वहीं, मास्टर अयूब खान पर हुए हमले के मामले में भी पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा। पुलिस की तत्परता और मेहनत को देखते हुए पत्रकार प्रेस महासंघ की ओर से पुलिस टीम का उत्साहवर्धन किया गया।
इस मौके पर सीओ देश दीपक सिंह ने लोगों से सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने और बच्चों व परिवार के सदस्यों को बिना हेलमेट वाहन न चलाने देने की अपील की। सम्मान समारोह में पुलिसकर्मियों के प्रति आभार जताया गया।
रिपोर्टर: मोहम्मद रहमान, बिजनौर |









