खड्डा (कुशीनगर)। खड्डा तहसील क्षेत्र में खड्डा से नेबुवा जाने वाले मार्ग पर सड़क हादसों का सिलसिला लगातार जारी है। बीते तीन माह में इस मार्ग और आसपास के क्षेत्र में हुए सड़क हादसों में करीब 12 लोगों की जान जा चुकी है। इसके बावजूद दोपहिया वाहन चालक यातायात नियमों को लेकर गंभीर नजर नहीं आ रहे हैं।
खड्डा-नेबुवा मार्ग पर आए दिन बड़ी संख्या में बाइक सवार बिना हेलमेट के तेज रफ्तार में वाहन चलाते दिखाई देते हैं। कई बाइकों पर दो की जगह तीन-तीन लोग सवार रहते हैं। हादसों के बाद भी यातायात नियमों की अनदेखी जारी है, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा बना हुआ है।
क्षेत्र में हेलमेट को बोझ समझने की मानसिकता भी हादसों का एक बड़ा कारण बन रही है। कई लोग कम दूरी का हवाला देकर हेलमेट पहनने से बचते हैं। वहीं कुछ लोग हेलमेट सिर पर लगाने के बजाय हाथ में टांगे या बाइक पर लटकाए नजर आते हैं। ऐसे में दुर्घटना होने पर हेलमेट सुरक्षा देने के बजाय महज सामान बनकर रह जाता है।
स्थानीय लोगों के अनुसार खड्डा-नेबुवा मार्ग के अलावा तहसील क्षेत्र की अन्य प्रमुख सड़कों पर भी बाइक चालकों की लापरवाही आम है। कम उम्र के युवा तेज रफ्तार में बाइक चलाते हैं, जिससे हादसों का खतरा और बढ़ जाता है।
ग्रामीणों ने प्रशासन और यातायात पुलिस से बिना हेलमेट, तीन सवारी और तेज रफ्तार वाहन चालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की है। लोगों का कहना है कि नियमित चेकिंग अभियान चलाकर सड़क सुरक्षा नियमों का पालन कराया जाए, ताकि बढ़ते सड़क हादसों पर रोक लगाई जा सके।









