महराजगंज। मिशन शक्ति फेज 5.0 (द्वितीय चरण) के तहत शुक्रवार को थाना पनियरा पुलिस की मिशन शक्ति एवं एंटी रोमियो टीम ने क्षेत्र में जागरूकता अभियान चलाया। पुलिस अधीक्षक महराजगंज के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के दौरान महिला उप निरीक्षक प्रिया गौतम और महिला आरक्षी पूनम रानी की टीम ने प्राथमिक विद्यालय शीशगढ़ में भ्रमणशील रहकर बालिकाओं एवं बच्चों को सुरक्षा, अधिकारों और सशक्तिकरण के प्रति जागरूक किया।
पुलिस टीम ने महिलाओं और बालिकाओं को आपात स्थिति में सहायता प्राप्त करने के लिए विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी। इसमें 1090 महिला पावर लाइन, 181 महिला हेल्पलाइन, 112 पुलिस आपातकालीन सेवा, 1076 मुख्यमंत्री हेल्पलाइन तथा 1930 साइबर अपराध हेल्पलाइन के बारे में विस्तार से बताया गया।
अभियान के दौरान बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, सखी वन स्टॉप सेंटर, पॉक्सो एक्ट और मिशन शक्ति से जुड़ी विभिन्न सरकारी योजनाओं एवं सुविधाओं की जानकारी दी गई। टीम ने जागरूकता संबंधी पंपलेट भी वितरित किए।
पुलिसकर्मियों ने लोगों को बाल विवाह, दहेज प्रथा और घरेलू हिंसा जैसी सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ जागरूक करते हुए इनके उन्मूलन में सहयोग करने की अपील की। साथ ही महिलाओं और बालिकाओं को किसी भी समस्या या उत्पीड़न की स्थिति में बिना संकोच संबंधित हेल्पलाइन या पुलिस से संपर्क करने के लिए प्रेरित किया गया।









