कमियों को शीघ्र दूर करने के लिए संबंधित अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश
कसया। विकास खंड कसया के ग्राम मैनपुर टोला दीनापट्टी स्थित मुसहर बस्ती में शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के उद्देश्य से विकास चौपाल आयोजित की गई। उपायुक्त स्वतः रोजगार फैसल आलम की अध्यक्षता में हुई चौपाल में ग्रामीणों को विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी देने के साथ उनकी समस्याएं सुनी गईं।
उपायुक्त फैसल आलम ने कहा कि सरकार मुसहर समुदाय के सामाजिक और आर्थिक उत्थान के लिए प्रतिबद्ध है। चौपाल में आवास, वृद्धावस्था पेंशन, विधवा पेंशन, बाल विकास एवं पुष्टाहार, बेसिक शिक्षा, स्वास्थ्य, समाज कल्याण, श्रम और आपूर्ति विभाग से संबंधित योजनाओं की समीक्षा की गई। समीक्षा के दौरान मिली कमियों को शीघ्र दूर करने के लिए संबंधित अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए गए।
कार्यक्रम के अंत में बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग की ओर से महिलाओं की गोदभराई और छोटे बच्चों का अन्नप्राशन संस्कार कराया गया।
इस दौरान बीडीओ कसया रवि रंजन, ग्राम पंचायत सचिव डॉ. सरिता गुप्ता, एडीओ सुप्रिया भारती, ग्राम प्रधान प्रभुनाथ प्रसाद, शुभम निगम, रणजीत सिंह, नागेंद्र प्रसाद, अरविंद कुमार, अवधेश, संजय यादव, तबस्सुम परवीन, मधुसूदन सिंह, नेहा, अर्चना, गोपाल यादव सहित ग्रामीण मौजूद रहे।









