महराजगंज। थाना श्यामदेउरवां पुलिस ने वाहन दुर्घटना में हुई मौत के मामले में वांछित आरोपी चालक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी के निर्देशन में की गई।
पुलिस के अनुसार, थाना श्यामदेउरवां में दर्ज मु0अ0सं0 234/2026 में मोटरसाइकिल संख्या UP 56 BH 4378 के चालक सचिन पर तेज गति और लापरवाही से वाहन चलाने का आरोप था। बताया गया कि चालक ने वादी मुकदमा सत्येन्द्र शर्मा के पिता नाथूलाल, उम्र करीब 52 वर्ष, को जोरदार टक्कर मार दी थी। हादसे में नाथूलाल गंभीर रूप से घायल हो गए थे और उनकी मृत्यु हो गई थी।
घटना के संबंध में थाना श्यामदेउरवां में धारा 281/106(1) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था। पुलिस की विवेचना के दौरान सामने आया कि दुर्घटना के समय मोटरसाइकिल चला रहे सचिन के पास वैध ड्राइविंग लाइसेंस नहीं था।
विवेचना में आरोपी की भूमिका सामने आने के बाद पुलिस ने धारा 106(1) बीएनएस को हटाते हुए धारा 105 बीएनएस (सदोष मानव वध) की बढ़ोतरी की। इसके बाद पुलिस टीम ने वांछित अभियुक्त सचिन को 10 सितंबर 2026 को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस द्वारा आरोपी के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।









