महराजगंज। आगामी 12 सितंबर 2026 को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत के व्यापक प्रचार-प्रसार और आमजन को इसके महत्व के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से बृहस्पतिवार को जनपद न्यायालय परिसर से कार एवं बाइक रैली निकाली गई। सुबह करीब 10 बजे जनपद न्यायाधीश अरविन्द कुमार मलिक ने हरी झंडी दिखाकर रैली को रवाना किया।
रैली के माध्यम से आमजन को राष्ट्रीय लोक अदालत में मामलों के त्वरित एवं सुलभ निस्तारण के संबंध में जागरूक किया गया। न्यायिक अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने लोगों से अपील की कि वे आगामी 12 सितंबर को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर अपने लंबित अथवा प्रीलिटिगेशन मामलों का आपसी सुलह-समझौते के आधार पर निस्तारण कराएं।
रैली के दौरान लोगों को बैंकिंग विवाद, लघु अपराध, एनआई एक्ट (NI Act), मोटर वाहन अधिनियम (MV Act) के चालानी मामलों समेत अन्य प्रकरणों के आपसी समझौते से त्वरित निस्तारण की जानकारी दी गई। बताया गया कि लोक अदालत विवादों के सरल और शीघ्र समाधान का प्रभावी माध्यम है, जिससे पक्षकारों के समय और धन की बचत होती है तथा आपसी सौहार्द भी बना रहता है।

इस अवसर पर मोटर दुर्घटना दावा अधिकरण की पीठासीन अधिकारी, पारिवारिक न्यायालय की प्रधान न्यायाधीश, समस्त अपर जिला जज, राष्ट्रीय लोक अदालत के नोडल अधिकारी, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव सुनील कुमार नागर सहित न्यायिक अधिकारीगण मौजूद रहे।
जनपद न्यायाधीश अरविन्द कुमार मलिक ने आमजन से अपील करते हुए कहा कि राष्ट्रीय लोक अदालत का लाभ उठाकर अपने विवादों का आपसी सुलह-समझौते के माध्यम से निस्तारण कराएं। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय लोक अदालत की सफलता के लिए आमजन की जागरूकता और सक्रिय भागीदारी बेहद महत्वपूर्ण है।
रैली के बाद जनपद न्यायाधीश ने न्यायिक अधिकारियों के साथ राष्ट्रीय लोक अदालत की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने सभी न्यायिक अधिकारियों को अधिक से अधिक मामलों को चिन्हित करने तथा आगामी लोक अदालत में उनका प्रभावी एवं शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।









