सेवा संकल्प अभियान की तैयारियों की सीडीओ ने की समीक्षा, 17 सितंबर से होंगे विभिन्न कार्यक्रम

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

महराजगंज। मुख्य विकास अधिकारी महेंद्र कुमार सिंह की अध्यक्षता में गुरुवार को एनआईसी सभागार में सेवा संकल्प अभियान की तैयारियों को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में अभियान के तहत आयोजित होने वाले विभिन्न कार्यक्रमों की रूपरेखा, विभागवार दायित्व और तैयारियों की समीक्षा की गई। सीडीओ ने संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध तरीके से सभी व्यवस्थाएं पूरी करने के निर्देश दिए।

मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि प्रधानमंत्री के जन्मदिन के अवसर पर सेवा संकल्प अभियान का शुभारंभ किया जा रहा है। इसका उद्देश्य जनकल्याणकारी योजनाओं से समाज के विभिन्न वर्गों के जीवन में आए सकारात्मक बदलावों को जन-जन तक पहुंचाना और सेवा, सहभागिता व जनकल्याण की भावना को मजबूत करना है।

उन्होंने बताया कि 17 सितंबर को ‘आशीर्वाद का दीया’ अभियान आयोजित किया जाएगा। इसके तहत जिले के प्रमुख मंदिरों, घाटों, महत्वपूर्ण अवसंरचना परियोजनाओं और सरकारी योजनाओं से लाभान्वित परिवारों के घरों पर दीप प्रज्ज्वलित किए जाएंगे। संबंधित विभागों को व्यापक जनभागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

सीडीओ ने बेसिक एवं माध्यमिक शिक्षा विभाग के विद्यालयों में भाषण और रंगोली प्रतियोगिताएं कराने तथा बुद्धिजीवियों द्वारा युवाओं के साथ संवाद कार्यक्रम आयोजित करने को कहा। उन्होंने युवाओं को विकास, नवाचार, सेवा और राष्ट्र निर्माण से जोड़ने पर जोर दिया।

जिला कार्यक्रम अधिकारी को निर्देशित किया गया कि 25 सितंबर से 7 अक्टूबर तक प्रत्येक आंगनबाड़ी केंद्र पर तीन दिवसीय संवाद कार्यक्रम आयोजित किए जाएं। इनमें हेल्दी बेबी प्रतियोगिता, उत्कृष्ट कार्य करने वाली आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों व सहायिकाओं का सम्मान तथा बच्चों को कॉमिक बुक्स, पौष्टिक फल और मिठाई का वितरण कराया जाएगा।

उन्होंने सरकारी योजनाओं से लाभान्वित लोगों की सफलता की कहानियों को शॉर्ट फिल्म और रील के माध्यम से सोशल मीडिया पर प्रसारित करने के निर्देश दिए, ताकि योजनाओं का वास्तविक प्रभाव अधिक से अधिक लोगों तक पहुंच सके।

सीडीओ ने ग्राम पंचायतों और वार्डों में अभियान को व्यापक स्तर पर आयोजित करने तथा अधिकारियों को कार्यक्रमों की नियमित निगरानी के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आयोजन में किसी भी स्तर पर शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

बैठक में जिला विकास अधिकारी बीएन कन्नौजिया, जिला सूचना अधिकारी प्रभाकर मणि त्रिपाठी, जिला अर्थ एवं संख्या अधिकारी निरंकार, जिला पंचायतराज अधिकारी श्रेया मिश्रा, बीएसए सुरजीत कुमार सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

और पढ़ें

[the_ad id="164"]