त्रिमुहानी पुल से लापता कक्षा सात के छात्र का शव रोहिन नदी में मिला, परिवार में मचा कोहराम

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

महराजगंजसदर कोतवाली क्षेत्र के त्रिमुहानी पुल से लापता हुए कक्षा सात के छात्र हिमांशु यादव का शव बुधवार को पनियरा थाना क्षेत्र के जर्दी ग्राम पंचायत के भगड़ा टोला स्थित रोहिन नदी में उतराता मिला। शव मिलने की सूचना से इलाके में सनसनी फैल गई। जानकारी मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और शव की पहचान हिमांशु यादव के रूप में की। छात्र की मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया।

बताया जा रहा है कि हिमांशु कुछ दिन पहले स्कूल जाने के लिए घर से निकला था, लेकिन इसके बाद वह घर वापस नहीं लौटा। काफी देर तक उसके वापस नहीं आने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। रिश्तेदारों और आसपास के क्षेत्रों में खोजबीन के साथ पुलिस को भी मामले की जानकारी दी गई।

तलाश के दौरान सदर कोतवाली क्षेत्र में रोहिन नदी पर बने त्रिमुहानी पुल के पास छात्र की साइकिल और स्कूल बैग मिले। छात्र का सामान नदी के पुल के पास मिलने के बाद परिजनों और पुलिस को आशंका हुई कि हिमांशु नदी में गिरा या छलांग लगा सकता है। इसके बाद पुलिस और स्थानीय लोगों ने रोहिन नदी में उसकी तलाश शुरू कर दी।

बुधवार को पनियरा थाना क्षेत्र के भगड़ा टोला के पास रोहिन नदी में ग्रामीणों की नजर एक शव पर पड़ी। शव दिखाई देने की सूचना तत्काल पुलिस को दी गई। जानकारी मिलते ही पनियरा पुलिस टीम मौके पर पहुंची और सदर कोतवाली पुलिस को भी मामले से अवगत कराया।

पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से शव को नदी से बाहर निकलवाकर कब्जे में लिया। सूचना मिलने पर हिमांशु के परिजन भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने शव की पहचान हिमांशु यादव के रूप में की। छात्र का शव मिलने के बाद परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। छात्र की मौत के पीछे की परिस्थितियों को लेकर पुलिस जांच कर रही है। घटना के बाद क्षेत्र में भी शोक का माहौल है।

और पढ़ें

[the_ad id="164"]