महाराजगंज | विश्व फिजियोथेरेपी दिवस के अवसर पर अंचला फिजियोथेरेपी क्लिनिक, सिसवा बाज़ार में एक दिवसीय निःशुल्क फिजियोथेरेपी परामर्श एवं जागरूकता शिविर का सफल आयोजन किया गया। शिविर का मुख्य उद्देश्य लोगों को बिना अनावश्यक दवाओं और इंजेक्शन के, सही पुनर्वास के माध्यम से स्वस्थ एवं सक्रिय जीवन शैली अपनाने के लिए प्रेरित करना रहा।कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि डॉ. पंकज तिवारी ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस दौरान विशेष सहयोगी आलोक शर्मा ने आए हुए अतिथियों एवं मरीजों का उत्साहवर्धन करते हुए क्लिनिक के इस सामाजिक प्रयास की सराहना की।
शिविर के दौरान क्लिनिक की चीफ़ फिजियोथेरेपिस्ट डॉ. नेहा ने मरीजों का परीक्षण कर उन्हें जोड़ों व मांसपेशियों के दर्द, कमर व गर्दन दर्द, गठिया, स्पोर्ट्स इंजरी, स्ट्रोक और लकवा (पैरालिसिस) जैसी न्यूरोलॉजिकल समस्याओं पर उचित डॉक्टरी परामर्श व मार्गदर्शन दिया। उन्होंने बताया कि यह क्लिनिक अंचला हेल्थकेयर प्राइवेट लिमिटेड द्वारा संचालित है, जहाँ अत्याधुनिक फिजियोथेरेपी सुविधाएं उपलब्ध हैं।

वहीं, फिजियोथेरेपी विशेषज्ञ डॉ. राहुल ने मरीजों को सही पोस्चर (उठने-बैठने का तरीका), नियमित व्यायाम, दर्द प्रबंधन और शारीरिक गतिविधियों के महत्व से अवगत कराया।अंचला हेल्थकेयर की प्रतिनिधि मिस अंजुम ने फिजियोथेरेपी की भूमिका स्पष्ट करते हुए कहा कि यह केवल दर्द कम करने तक सीमित नहीं है, बल्कि व्यक्ति की गतिशीलता, मांसपेशियों की ताकत, शारीरिक संतुलन और दैनिक कार्यक्षमता को पुनर्स्थापित करने में बेहद कारगर है।
सामाजिक प्रतिबद्धता
अंचला हेल्थ केयर प्राइवेट लिमिटेड के निदेशक ने संस्थान की प्राथमिकताओं पर प्रकाश डालते हुए कहा कि संस्था द्वारा समय-समय पर इस प्रकार के निःशुल्क स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन कर समाज में स्वास्थ्य जागरूकता फैलाने का कार्य निरंतर जारी रहेगा।
रिपोर्टर अरुणेश कुमार गुप्त









