लखनऊ। सहारनपुर कलेक्ट्रेट परिसर स्थित मस्जिद के ध्वस्तीकरण मामले को लेकर उत्तर प्रदेश कांग्रेस में हलचल तेज हो गई है। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय को लखनऊ पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पुलिस उन्हें और उनके साथ मौजूद कांग्रेस कार्यकर्ताओं को पुलिस लाइन ले गई।
बताया जा रहा है कि प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय सहारनपुर कलेक्ट्रेट परिसर में स्थित मस्जिद के ध्वस्तीकरण की घटना के संबंध में मस्जिद कमेटी और प्रभावित लोगों से मुलाकात करने के लिए सहारनपुर जाने की तैयारी में थे। इसी दौरान जब वह प्रदेश कांग्रेस कार्यालय से बाहर निकले, तो माल एवेन्यू चौराहे के पास लखनऊ पुलिस ने उन्हें रोक लिया।
पुलिस ने अजय राय को हिरासत में लेने के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं को भी अपने साथ पुलिस लाइन ले गई। अचानक हुई इस कार्रवाई के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं में नाराजगी देखने को मिली।
कांग्रेस नेताओं का कहना है कि प्रदेश अध्यक्ष पीड़ितों से मुलाकात कर पूरे मामले की जानकारी लेने जा रहे थे। ऐसे में उन्हें रोका जाना लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन है। पार्टी की ओर से पुलिस कार्रवाई पर सवाल भी उठाए गए हैं।
वहीं, पुलिस की ओर से अजय राय को हिरासत में लिए जाने के विस्तृत कारणों की आधिकारिक जानकारी सामने आना बाकी है। सहारनपुर मस्जिद ध्वस्तीकरण मामले को लेकर राजनीतिक बयानबाजी के बीच लखनऊ में हुई इस कार्रवाई ने प्रदेश की सियासत को और गरमा दिया है। मामले में आगे कांग्रेस की रणनीति और प्रशासन की कार्रवाई पर नजर बनी हुई है।









