बिजनौर के किरतपुर में भारी बारिश के बीच एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। मोहल्ला अंसारियान में बारिश के पानी से लबालब भरे नाले में डूबने से 11 वर्षीय मोहम्मद हम्माद की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि बारिश में नहाने के लिए घर से निकला हम्माद सड़क और नाले में फर्क दिखाई नहीं देने के कारण फिसलकर तेज बहाव में बह गया। काफी तलाश के बाद उसका शव नाले में पाइप के पास फंसा मिला। हादसे के बाद परिवार में चीख-पुकार मच गई। घटना को लेकर स्थानीय लोगों में भी नाराजगी है।
किरतपुर पालिका क्षेत्र के मोहल्ला अंसारियान में भारी बारिश के बीच यह दर्दनाक हादसा हुआ। बताया जा रहा है कि 11 वर्षीय मोहम्मद हम्माद बारिश में नहाने के लिए घर से निकला था। मदरसा अंसार इंटर कॉलेज के सामने सड़क और नाला बारिश के पानी में पूरी तरह डूबे हुए थे। इसी दौरान हम्माद का पैर फिसल गया और वह पानी के तेज बहाव में बह गया।
हम्माद की तलाश के लिए काफी देर तक प्रयास किया गया। बाद में उसका शव नाले में पाइप के पास फंसा मिला। शव मिलने की खबर जैसे ही परिवार को मिली, घर में कोहराम मच गया। इस हादसे ने नगर में खुले नालों और बारिश के दौरान जलभराव की व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।
घटना की जानकारी मिलने के बाद कांग्रेस जिलाध्यक्ष हैनरीता राजीव सिंह, पूर्व आईएएस आरके सिंह और नगर अध्यक्ष साजिद अली खान समेत कांग्रेस कार्यकर्ता पीड़ित परिवार के घर पहुंचे और परिजनों को ढांढस बंधाया। नेताओं ने खुले नालों को हादसे की बड़ी वजह बताते हुए पालिका प्रशासन की व्यवस्थाओं पर सवाल उठाए
वहीं नगीना से सपा विधायक मनोज पारस और पालिका चेयरमैन अब्दुल मन्नान ने घटना पर दुख जताया है। उन्होंने बारिश के दौरान बच्चों की सुरक्षा को लेकर लोगों से विशेष सतर्कता बरतने की अपील की। बताया जा रहा है कि इस बरसात में किरतपुर में नाले में डूबने की यह दूसरी घटना है, जिसके बाद नगरवासियों में चिंता और आक्रोश बढ़ गया है।
रिपोर्ट: अर्जुन सिंह, बिजनौर









