महराजगंज। पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी के निर्देशन में रविवार को जनपद के समस्त थानों पर ‘संवाद दिवस’ का सफल आयोजन किया गया। इस दौरान थाना परिसर में प्रभारी निरीक्षक एवं थानाध्यक्षों ने पुलिस कर्मियों के साथ बैठक कर विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की।
संवाद दिवस के दौरान अधिकारियों ने उच्चाधिकारियों की ओर से जारी आदेशों एवं निर्देशों का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करने के लिए पुलिसकर्मियों को निर्देशित किया। साथ ही ड्यूटी के दौरान अनुशासन, जिम्मेदारी और कार्य के प्रति संवेदनशीलता बनाए रखने पर जोर दिया गया।
बैठक में आमजन की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर सुनने और उनका त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने कहा कि पुलिस की कार्यप्रणाली में जनता के प्रति व्यवहार और उनकी समस्याओं के समाधान की महत्वपूर्ण भूमिका है। ऐसे में प्रत्येक पुलिसकर्मी अपने दायित्वों का पूरी निष्ठा के साथ निर्वहन करे।
‘संवाद दिवस’ के माध्यम से पुलिसकर्मियों को अपनी व्यक्तिगत एवं विभागीय समस्याओं के साथ-साथ सुझावों को भी अधिकारियों के समक्ष निडर होकर रखने का अवसर मिला। अधिकारियों ने उनकी बातों को गंभीरता से सुनते हुए आवश्यक समाधान एवं कार्रवाई का भरोसा दिलाया। पुलिस विभाग की ओर से इस पहल का उद्देश्य पुलिसकर्मियों के बीच बेहतर संवाद स्थापित करने, उनका मनोबल बढ़ाने तथा कार्यक्षमता में सुधार लाना बताया गया।









