मिशन शक्ति फेज-5.0: ठूठीबारी में बहु-बेटी सम्मेलन, महिलाओं व बालिकाओं को सुरक्षा के प्रति किया जागरूक

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

महराजगंजमिशन शक्ति फेज-5.0 अभियान के तहत रविवार को थाना ठूठीबारी पुलिस की मिशन शक्ति टीम ने ग्राम सड़कहवा में बहु-बेटी सम्मेलन आयोजित किया। उप-निरीक्षक प्रियंका मौर्य एवं महिला आरक्षी रजनी अग्रहरि के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में करीब 33 महिलाओं एवं बालिकाओं ने सहभागिता की।

सम्मेलन के दौरान पुलिस टीम ने महिलाओं और बालिकाओं को महिला संबंधी अपराधों के प्रति जागरूक करते हुए छेड़छाड़, दहेज उत्पीड़न, दहेज हत्या और बलात्कार जैसी घटनाओं से बचाव के उपाय बताए। साथ ही किसी भी विपरीत परिस्थिति में बिना डर के पुलिस और संबंधित हेल्पलाइन से संपर्क करने के लिए प्रेरित किया गया।

पुलिस ने महिलाओं को 112 आपातकालीन सेवा, 1090 वूमेन पावर हेल्पलाइन, 1930 साइबर अपराध हेल्पलाइन तथा 102/108 स्वास्थ्य सेवाओं के उपयोग की जानकारी दी। कम उम्र में अथवा परिजनों की सहमति के बिना घर से चले जाने की घटनाओं से होने वाली कानूनी, सामाजिक एवं पारिवारिक समस्याओं के बारे में भी समझाया गया।

इसके अलावा ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ सहित महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा, शिक्षा एवं सशक्तिकरण से जुड़ी विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी दी गई।

कार्यक्रम के अंत में महिलाओं ने पुलिस की इस पहल की सराहना की। उन्होंने कहा कि गांव-गांव जाकर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित होने से महिलाओं में सुरक्षा का विश्वास बढ़ रहा है। उपस्थित महिलाओं ने किसी भी समस्या की स्थिति में तत्काल हेल्पलाइन या नजदीकी थाने से संपर्क करने का भरोसा दिलाया।

और पढ़ें

[the_ad id="164"]