अगस्त में यातायात पुलिस ने किए 9,139 चालान, 1.59 करोड़ रुपये शमन शुल्क अधिरोपित

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

कुशीनगर। जनपद में यातायात व्यवस्था को सुगम, सुरक्षित एवं नियमबद्ध बनाए रखने के लिए पुलिस अधीक्षक केशव कुमार के निर्देशन में यातायात पुलिस ने अगस्त माह में सघन चेकिंग अभियान चलाया। अभियान के दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए कुल 9,139 चालान किए गए। इन चालानों में कुल 1,59,81,100 रुपये (एक करोड़ उनसठ लाख इक्यासी हजार एक सौ रुपये) शमन शुल्क अधिरोपित किया गया।

 

यातायात पुलिस के अनुसार, इंटरसेप्टर चार पहिया वाहन से ओवरस्पीड के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए कुल 2,841 वाहनों का चालान किया गया। इनमें 633 हल्के वाहन और 2,208 भारी वाहन शामिल हैं। ओवरस्पीड के मामलों में कुल 68,68,000 रुपये शमन शुल्क अधिरोपित किया गया।

इसी क्रम में हेलमेट न पहनने पर 3,677 चालान किए गए, जिनमें 36,77,000 रुपये शमन शुल्क अधिरोपित किया गया। शराब पीकर वाहन चलाने के मामलों में 109 चालान किए गए और 10,90,000 रुपये शमन शुल्क लगाया गया।

नो पार्किंग में वाहन खड़ा करने पर 1,039 वाहनों का चालान कर 6,19,500 रुपये शमन शुल्क अधिरोपित किया गया। वहीं, साइलेंसर मोडिफाई करने वाले वाहनों के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए 27 चालान किए गए, जिनमें 2,70,000 रुपये शमन शुल्क लगाया गया।

यातायात पुलिस ने बताया कि इन प्रमुख कार्रवाई के अतिरिक्त अन्य यातायात नियमों के उल्लंघन पर भी चालान किए गए। सभी चालानों को मिलाकर अगस्त माह में कुल 9,139 चालान कर 1,59,81,100 रुपये शमन शुल्क अधिरोपित किया गया। पुलिस ने वाहन चालकों से यातायात नियमों का पालन करने, हेलमेट पहनने, निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाने और शराब पीकर वाहन न चलाने की अपील की है।

और पढ़ें

[the_ad id="164"]