शाहजहांपुर। उत्तर प्रदेश सरकार के वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने शुक्रवार को शाहजहांपुर में ग्रामीण क्षेत्रों को बेहतर आवागमन सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से सात संपर्क मार्गों के नवनिर्माण कार्यों का शिलान्यास किया। इन मार्गों के निर्माण पर करोड़ों रुपये की लागत आएगी। मंत्री ने कहा कि सरकार सड़क, संपर्क मार्ग और अन्य मूलभूत सुविधाओं के विकास को प्राथमिकता दे रही है।
निगोही मार्ग से शाहबाजनगर-निवाड़ी मार्ग स्थित गन्ना सेंटर तक 2.800 किलोमीटर मार्ग का निर्माण 252.63 लाख रुपये की लागत से कराया जाएगा। हनुमानमूर्ति शाहबाजनगर मार्ग से बेहटा रोड होते हुए बड़े मोहल्ले तक 0.770 किलोमीटर मार्ग पर 170.93 लाख रुपये खर्च होंगे।
इसी प्रकार राईखुर्द से रज्जबनगर शाहबाजनगर फाटक तक 0.515 किलोमीटर मार्ग का निर्माण 87.66 लाख रुपये, शाहबाजनगर में खेड़ा मोहल्ले से गर्रा नदी तक 1.800 किलोमीटर मार्ग का निर्माण 184.72 लाख रुपये की लागत से कराया जाएगा।
शाहबाजनगर स्थित मोहल्ला बड़ा, बेहटा रोड/रिंग रोड से मोहल्ला कछियाना तक 0.410 किलोमीटर मार्ग के निर्माण पर 49 लाख रुपये, रज्जबनगर में रामदयाल की बगिया से आंगनबाड़ी होते हुए बारातघर तक 0.650 किलोमीटर मार्ग पर 63.50 लाख रुपये तथा शाहबाजनगर आईटीआई से ज्ञानी अमरीक सिंह झाला एवं हरभजन सिंह के झाले तक 1.200 किलोमीटर मार्ग के निर्माण पर 125.83 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे।
मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने कहा कि इन संपर्क मार्गों के निर्माण से ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन सुगम होगा और लोगों को बेहतर सड़क सुविधा मिलेगी। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को सभी निर्माण कार्य निर्धारित समयसीमा में गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा कराने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि क्षेत्र की जनता की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान कराया जाएगा। लोक निर्माण विभाग के अलावा अन्य विभागों से संबंधित समस्याओं के निराकरण के लिए भी आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य बड़े विकास कार्यों के साथ-साथ आम जनता की छोटी-बड़ी जरूरतों को भी पूरा करना है।
कार्यक्रम के दौरान मंत्री ने सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए पूर्ववर्ती सरकारों के कार्यकाल की कानून-व्यवस्था और विकास कार्यों की स्थिति की तुलना वर्तमान सरकार से की। उन्होंने आगामी विधानसभा चुनाव का उल्लेख करते हुए क्षेत्रवासियों से विकास और सुशासन के आधार पर सोच-समझकर मतदान करने की अपील की। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में विकास कार्यों की गति आगे भी जारी रहेगी।









