बाढ़ प्रभावित चूरमुली गांव का राणा सिंह ने किया स्थलीय निरीक्षण, राहत और मुआवजे की उठाई मांग

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर (मुगलसराय)। शुक्रवार को 380 विधानसभा मुगलसराय क्षेत्र के ग्राम सभा चूरमुली समेत आसपास के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष एवं नेता राणा सिंह ने स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों से बातचीत कर बाढ़ से उत्पन्न समस्याओं और उनकी परेशानियों की जानकारी ली तथा मौके पर हालात का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान राणा सिंह ने कहा कि बाढ़ की स्थिति बेहद गंभीर है। कई गांव चारों तरफ से पानी से घिरे हुए हैं। बाढ़ के कारण ग्रामीणों के सामने भोजन, पशुओं के चारे और आवास की गंभीर समस्या उत्पन्न हो गई है। कई कच्चे मकान गिर गए हैं, जबकि घरों में रखा अनाज भी पानी में भीग जाने से लोगों के सामने खाने-पीने का संकट खड़ा हो गया है।

उन्होंने बताया कि जिला प्रशासन और जिलाधिकारी के संज्ञान में बाढ़ प्रभावित ग्रामीणों की समस्याएं पहुंचाई गई हैं। सामान्य स्थिति बहाल होने तक प्रभावित परिवारों के लिए भोजन के पैकेट, नाश्ता, दियासलाई, मोमबत्ती सहित जरूरी सामान की व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए संबंधित अधिकारियों से वार्ता की गई है।

राणा सिंह ने मांग की कि बाढ़ में जिन लोगों के मकान गिर गए हैं, उन्हें मुख्यमंत्री राहत कोष से आवास उपलब्ध कराया जाए। साथ ही बाढ़ से धान की फसल को हुए नुकसान का निष्पक्ष सर्वे कराकर किसानों को उचित मुआवजा दिया जाए। उन्होंने कहा कि चंदौली किसान बाहुल्य जिला है और धान यहां किसानों की प्रमुख आय का साधन है, इसलिए फसल नुकसान को गंभीरता से लिया जाना चाहिए।

उन्होंने गढ़ई नदी और चंद्रप्रभा नदी के उफान पर भी चिंता जताई और सिंचाई विभाग के अधिकारियों से जलस्तर तथा बाढ़ की स्थिति पर गंभीरता से निगरानी रखने की मांग की। राणा सिंह ने कहा कि बाढ़ की समस्या के स्थायी समाधान के लिए शासन स्तर पर भी आवश्यक कार्रवाई की जानी चाहिए।

अशोक कुमार जायसवाल

 

और पढ़ें

[the_ad id="164"]