मंडलायुक्त समेत वरिष्ठ प्रशासनिक व पुलिस अधिकारियों ने नौतनवा, सोनौली बॉर्डर, ICP और फायर स्टेशन का किया निरीक्षण

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

महराजगंज। जिले में प्रशासनिक एवं पुलिस व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाने के उद्देश्य से गुरुवार को मंडलायुक्त इन्द्र विक्रम सिंह, पुलिस उपमहानिरीक्षक एस. चनप्पा, जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल और पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी ने नौतनवा क्षेत्र का व्यापक निरीक्षण किया।

अधिकारियों ने बहुउद्देशीय हब मुड़ली, भारत-नेपाल सोनौली बॉर्डर, निर्माणाधीन इंटीग्रेटेड चेक पोस्ट (ICP) और फायर सर्विस स्टेशन का स्थलीय निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

सबसे पहले अधिकारियों ने थाना नौतनवा क्षेत्र स्थित बहुउद्देशीय हब मुड़ली का निरीक्षण किया। इस दौरान परिसर में सुरक्षा व्यवस्था, मूलभूत सुविधाओं और विभिन्न व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया गया। मंडलायुक्त ने संबंधित विभागीय अधिकारियों और कार्यदायी संस्थाओं को निर्माण एवं अन्य कार्यों को निर्धारित समयसीमा में गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने सुरक्षा मानकों का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया।

इसके बाद प्रशासनिक एवं पुलिस टीम ने भारत-नेपाल अंतर्राष्ट्रीय सोनौली बॉर्डर का निरीक्षण किया। यहां अधिकारियों ने सशस्त्र सीमा बल (SSB) और स्थानीय पुलिस अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में सीमा पार से होने वाली अवैध गतिविधियों, तस्करी और घुसपैठ पर प्रभावी अंकुश लगाने के साथ ही सीमा सुरक्षा को मजबूत करने पर चर्चा की गई। अधिकारियों ने सभी सुरक्षा एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने के निर्देश दिए।

बॉर्डर निरीक्षण के बाद टीम ने निर्माणाधीन इंटीग्रेटेड चेक पोस्ट (ICP) का जायजा लिया। अधिकारियों ने निर्माण कार्य की प्रगति, गुणवत्ता, सुरक्षा मानकों और प्रस्तावित अवसंरचनात्मक व्यवस्थाओं की जानकारी ली। संबंधित अधिकारियों को कार्य में तेजी लाने और गुणवत्ता बनाए रखने के निर्देश दिए गए।

निरीक्षण के अंतिम चरण में अधिकारियों ने नौतनवा में निर्माणाधीन फायर सर्विस स्टेशन का निरीक्षण किया। निर्माण की भौतिक प्रगति और नक्शे के अनुरूप व्यवस्थाओं का अवलोकन करते हुए कार्यदायी संस्था को निर्माण कार्य शीघ्र पूरा कर स्टेशन को चालू कराने के निर्देश दिए गए।

अधिकारियों ने कहा कि फायर स्टेशन के संचालन से क्षेत्र में आपातकालीन अग्निशमन सेवाएं और अधिक प्रभावी होंगी। इस दौरान प्रशासन, पुलिस और संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

और पढ़ें

[the_ad id="164"]