तमकुहीराज। कुशीनगर जनपद के तमकुहीराज-तमकुहीरोड मार्ग पर मंगलवार शाम भटवलिया आरा मशीन के सामने दो बाइकों की आमने-सामने हुई जोरदार टक्कर में एक बच्चे सहित पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास के लोगों ने तत्काल राहत कार्य शुरू करते हुए सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) तमकुहीराज पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
जानकारी के अनुसार एक बाइक पर सवार पंकज पटेल पुत्र रामप्रवेश पटेल तथा दीपू पटेल पुत्र विशुन पटेल निवासी भेड़िया, थाना कटेया, जिला गोपालगंज (बिहार) घायल हो गए। सीएचसी तमकुहीराज के चिकित्सक डॉ. संजय कुमार ने बताया कि दोनों के मुंह से शराब की गंध आ रही थी। पंकज पटेल के सिर में गंभीर चोट लगने के कारण वह अचेत अवस्था में था, जबकि दीपू पटेल के सिर में भी गंभीर चोट आई है। दोनों की हालत चिंताजनक होने पर उन्हें जिला अस्पताल रेफर किया गया।

दूसरी बाइक पर सवार धनंजय यादव (22) पुत्र अवधेश यादव, शिटु यादव (9) पुत्र सिकंदर यादव तथा कबीर यादव (23) पुत्र अमरजीत यादव निवासी ग्राम धुरिया कोट, थाना सेवरही, जनपद कुशीनगर घायल हो गए। इनमें शिटु यादव के दोनों पैरों में गंभीर चोट आई है, जबकि कबीर यादव के दाहिने हाथ, कंधे और पैर में गंभीर चोटें लगी हैं। धनंजय यादव भी हादसे में घायल हुआ है।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। वहीं, अस्पताल प्रशासन ने घटना की सूचना तमकुहीराज पुलिस तथा घायलों के परिजनों को भी दे दी। पुलिस ने दुर्घटना की जानकारी जुटाते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है। हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।









