15 दिनों की बारिश से फतेहपुर में भारी नुकसान, 67 मकान क्षतिग्रस्त; 3 लोगों की मौत

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

फतेहपुर, यूपी। जिले में पिछले 15 दिनों से लगातार हो रही बारिश और अतिवृष्टि ने जनजीवन को प्रभावित कर दिया है। लगातार बारिश के चलते जिले की तीनों तहसीलों में अब तक 67 मकान क्षतिग्रस्त हो चुके हैं। सबसे ज्यादा नुकसान खागा तहसील में हुआ है, जहां 50 मकानों के क्षतिग्रस्त होने की जानकारी है। वहीं सदर तहसील में 2 और बिंदकी तहसील में 15 मकान क्षतिग्रस्त हुए हैं।

जिला प्रशासन की ओर से प्रभावित परिवारों को राहत और मुआवजा देने की प्रक्रिया जारी है। अब तक 11 प्रभावित परिवारों को नियमानुसार मुआवजा दिया जा चुका है, जबकि 30 मामलों की फाइलें प्रशासन को प्राप्त हो चुकी हैं। 26 मामलों में लाभार्थियों से संबंधित दस्तावेज और फाइलें आना बाकी हैं।

अतिवृष्टि के चलते जिले में अब तक तीन लोगों की जनहानि हुई है। इनमें सदर तहसील क्षेत्र में दो और बिंदकी तहसील क्षेत्र में एक व्यक्ति की मौत शामिल है। दो मामलों में नियमानुसार मुआवजा दिया जा चुका है, जबकि सदर तहसील में हुई हालिया जनहानि के मामले में पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जरूरी दस्तावेज मिलने के बाद मुआवजे की कार्रवाई की जाएगी।

वहीं लगातार बारिश के कारण फतेहपुर शहर के कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बनी हुई है। प्रशासन और नगर पालिका की टीमें पंप लगाकर पानी निकालने और सफाई कराने में जुटी हैं। शहर स्थित एसडीएम आवास परिसर भी जलभराव की चपेट में आ गया है, जहां नगर पालिका की टीम पानी निकालने में लगी हुई है।

और पढ़ें

[the_ad id="164"]