मोतीचक विकासखंड क्षेत्र के भलुहीटोला सतपोखरिया गांव में उस समय माहौल गमगीन हो गया, जब हाटा विधायक मोहन वर्मा नेपाल में आई भीषण बाढ़ के दौरान लापता हुए नथुनी प्रसाद के घर पहुंचे। मंगलवार दोपहर विधायक ने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर पूरी जानकारी ली और अधिकारियों से बातचीत कर नथुनी प्रसाद की तलाश तेज कराने का भरोसा दिया। इस दौरान उनके साथ भाजपा के कई नेता भी मौजूद रहे।
बताया जा रहा है कि नथुनी प्रसाद नेपाल के त्रिशूली क्षेत्र में एंट्रेंस हाइड्रो प्राइवेट लिमिटेड की विद्युत परियोजना में काम करते थे। 26 अगस्त की सुबह करीब सात बजे उन्होंने अपनी पत्नी गंगोत्री देवी से फोन पर बात की थी। उन्होंने बताया था कि वह ड्यूटी पर जा रहे हैं और दोपहर करीब एक बजे दोबारा फोन करेंगे। लेकिन इसके बाद नेपाल में अचानक आई बाढ़ ने तबाही मचा दी।
जिस कैंप में नथुनी प्रसाद रहकर काम करते थे, वह तेज पानी के बहाव में बह गया। घटना के बाद से नथुनी प्रसाद का मोबाइल भी बंद है और उनका कोई सुराग नहीं मिल पाया है।
परिजनों ने नेपाल में काम कर रहे गांव के एक युवक से संपर्क किया, जिसने बताया कि बाढ़ का पानी अचानक तेजी से आया और कैंप बह गया। वह खुद किसी तरह पहाड़ पर पहुंचकर बच सका।
पिता के लापता होने की खबर सुनकर उनका बेटा क्रांति भी हिमाचल प्रदेश से घर पहुंच गया है। वहीं पत्नी गंगोत्री देवी का रो-रोकर बुरा हाल है। विधायक मोहन वर्मा ने कहा कि अधिकारियों से बात की गई है और सर्च ऑपरेशन तेज कराया जा रहा है। परिवार को उम्मीद है कि जल्द ही नथुनी प्रसाद की कोई जानकारी सामने आएगी।









