बहराइच। कतर्नियाघाट वन्यजीव विभाग के मोतीपुर रेंज अंतर्गत महबूबनगर गांव में मंगलवार तड़के बाघ के हमले से 32 वर्षीय युवक की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि युवक राम सिंह घर के अहाते में चारपाई पर सो रहा था, तभी बाघ उसे चारपाई से खींचकर झाड़ियों की ओर ले गया।
ग्रामीणों के अनुसार, बाघ ने युवक पर हमला कर उसे मौत के घाट उतार दिया और उसके शव को खा गया। सुबह राहगीरों ने झाड़ियों के पास युवक का अधखाया और क्षत-विक्षत शव पड़ा देखा तो इलाके में हड़कंप मच गया। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई।
ग्रामीणों ने घटना की सूचना वन विभाग को दी। सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की।
रेंज अधिकारी के.के. सिंह ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि उन्हें युवक की मौत की सूचना मिली है। मौके पर वनकर्मियों को भेजकर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। साथ ही ग्रामीणों को सतर्क रहने और रात के समय विशेष सावधानी बरतने के निर्देश दिए गए हैं।
घटना के बाद महबूबनगर और आसपास के गांवों में दहशत का माहौल है। ग्रामीण बाघ की मौजूदगी को लेकर चिंतित हैं और वन विभाग से सुरक्षा के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग कर रहे हैं।
रिपोर्ट: अनिरुद्ध मिश्रा |









