झांसी। शहर के व्यस्त इलाइट चौराहे पर मंगलवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक अनियंत्रित कार ने कई लोगों और वाहनों को टक्कर मार दी। हादसे में आधा दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई।
जानकारी के अनुसार, तेज रफ्तार कार अचानक अनियंत्रित हो गई और सड़क पर मौजूद लोगों व वाहनों को अपनी चपेट में लेना शुरू कर दिया। बताया जा रहा है कि कार ने करीब एक दर्जन लोगों को टक्कर मारी। हादसे में कई लोग सड़क पर गिरकर घायल हो गए, जबकि आसपास मौजूद लोगों में भी भगदड़ जैसी स्थिति बन गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिसकर्मियों और राहगीरों ने राहत एवं बचाव कार्य शुरू करते हुए घायलों को एंबुलेंस की मदद से अस्पताल भेजा। घायलों का अस्पताल में उपचार कराया जा रहा है। हादसे के बाद चौराहे पर कुछ देर तक यातायात भी प्रभावित रहा।
पुलिस ने कार चालक को मौके से पकड़ लिया। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, चालक के शराब के नशे में कार चलाने की बात सामने आई है। हालांकि, पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है और चालक के नशे में होने की पुष्टि के लिए आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस ने कार को कब्जे में लेकर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।









