बिजनौर में भीषण सड़क हादसा: ट्रक-कंटेनर में लगी आग, दो की मौत

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

बिजनौर। धामपुर तहसील क्षेत्र में बुधवार रात तहसील परिसर के सामने एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। स्कूटी सवार को बचाने के प्रयास में ट्रक और कंटेनर की जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों वाहनों में आग लग गई।

हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। आग की चपेट में आने से ट्रक चालक नदीन की जिंदा जलकर मौत हो गई, जबकि स्कूटी सवार ने भी मौके पर दम तोड़ दिया। हादसे में दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल बताए गए हैं।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद वाहनों में लगी आग पर काबू पाया और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। हादसे के कारण सड़क पर काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल रहा और यातायात भी प्रभावित हुआ।

धामपुर सीएचसी के चिकित्सक डॉ. चंदन पांडे के अनुसार, गंभीर रूप से घायल दो लोगों की हालत को देखते हुए उन्हें बेहतर उपचार के लिए हायर सेंटर रेफर किया गया है।

पुलिस ने मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसे के बाद पुलिस ने दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रत्यक्षदर्शियों और स्थानीय लोगों के मुताबिक टक्कर इतनी भयावह थी कि कुछ ही देर में दोनों वाहनों से आग की लपटें उठने लगीं।

इस दर्दनाक हादसे ने एक बार फिर तेज रफ्तार, यातायात व्यवस्था और सड़क सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

रिपोर्टर: मोहम्मद रहमान, जिला बिजनौर, यूपी

और पढ़ें

[the_ad id="164"]