बरेली। रिजर्व पुलिस लाइन बरेली में तैनात 55 वर्षीय उपनिरीक्षक योगेंद्र सिंह यादव की बुधवार को संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद परिजन उन्हें जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मृतक उपनिरीक्षक योगेंद्र सिंह यादव पुत्र विजय बहादुर मूल रूप से इटावा जिले के बकेवर थाना क्षेत्र के खितौरा गांव के निवासी थे। बताया गया कि वह करीब नौ वर्षों से बरेली में उपनिरीक्षक के पद पर तैनात थे। वर्तमान में वह सुभाषनगर थाना क्षेत्र के शांति विहार मोहल्ले में परिवार के साथ रह रहे थे।
मृतक के बेटे अजय यादव ने बताया कि बुधवार सुबह उनके पिता घर पर बैठे हुए थे। कुछ देर बाद वह उठकर जाने लगे, तभी अचानक गिरकर बेहोश हो गए। परिजन तत्काल उन्हें जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
योगेंद्र सिंह यादव की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। बताया जा रहा है कि योगेंद्र सिंह यादव 15 जनवरी 1989 को पुलिस विभाग में भर्ती हुए थे और लंबे समय से पुलिस विभाग में अपनी सेवाएं दे रहे थे।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा।
रिपोर्ट: आसिफ अली, बरेली









