कुशीनगर। टेकुआटार-मथौली मार्ग पर मंगलवार दोपहर करीब तीन बजे तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से टकरा गई। हादसे में बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। दुर्घटना सिधावे और भड़कुड़वा गांव के बीच पोखरे के पास हुई।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, युवक बाइक से टेकुआटार की ओर से मथौली जा रहा था। इसी दौरान अचानक बाइक अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक क्षतिग्रस्त हो गई, जबकि युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया।
हादसे के बाद मौके पर आसपास के ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। ग्रामीणों ने तत्काल एंबुलेंस को सूचना दी और घायल युवक को इलाज के लिए रामकोला सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पहुंचाया। चिकित्सकों के अनुसार, युवक की हालत गंभीर बनी हुई है।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने भी मौके पर पहुंचकर जानकारी जुटाई। पुलिस ने हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर तेज रफ्तार के कारण बाइक अनियंत्रित होने की बात सामने आ रही है। हादसे के बाद क्षतिग्रस्त बाइक को देखकर दुर्घटना की गंभीरता का अंदाजा लगाया जा सकता है।









