रक्षाबंधन पर कुशीनगर में परिवहन विभाग अलर्ट, महिलाओं को 27 से 29 अगस्त तक मुफ्त बस यात्रा

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

कुशीनगररक्षाबंधन पर्व पर यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए कुशीनगर परिवहन विभाग ने सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित यातायात व्यवस्था को लेकर तैयारियां तेज कर दी हैं। परिवहन आयुक्त लखनऊ आशुतोष निरंजन के निर्देश पर सहायक सम्भागीय परिवहन अधिकारी (एआरटीओ) कुशीनगर डॉ. दिलीप कुमार गुप्त ने प्राइवेट बस यूनियन के पदाधिकारियों और वाहन स्वामियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए हैं।

एआरटीओ ने वाहन स्वामियों और बस संचालकों को निर्देशित किया है कि यात्रियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए बसों का संचालन किया जाए। पर्व के दौरान बसों में यात्रियों की संख्या बढ़ने की संभावना को देखते हुए वाहनों की समुचित साफ-सफाई, तकनीकी फिटनेस और आवश्यक दस्तावेजों की जांच के बाद ही बसों को सड़क पर उतारने के निर्देश दिए गए हैं।

नशे में वाहन चलाने पर सख्त रोक

परिवहन विभाग ने बस चालकों को विशेष रूप से चेतावनी दी है कि किसी भी स्थिति में नशे की हालत में वाहन का संचालन न करें। चालकों को सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों का पूरी तरह पालन करने, निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाने तथा यात्रियों की सुरक्षा का ध्यान रखने के निर्देश दिए गए हैं। विभाग की ओर से स्पष्ट किया गया है कि यात्रियों की जान से किसी भी स्तर पर खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

27 अगस्त से महिलाओं की मुफ्त यात्रा

रक्षाबंधन पर्व के अवसर पर महिलाओं के लिए विशेष सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी। एआरटीओ के अनुसार 27 अगस्त की सुबह छह बजे से 29 अगस्त की आधी रात तक महिलाएं नि:शुल्क यात्रा कर सकेंगी। इस दौरान महिलाओं को बसों में विशेष वरीयता देने तथा उनके साथ शालीन और सम्मानजनक व्यवहार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

रोडवेज बसों को लेकर भी विशेष तैयारी

उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम के अधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित कर निगम की बसों के चालक और परिचालकों को भी सड़क सुरक्षा एवं यातायात नियमों के पालन को लेकर जागरूक किया जा रहा है। बसों में साफ-सफाई बनाए रखने के साथ यात्रियों को सुरक्षित और सुगम परिवहन सुविधा उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया जा रहा है।

भीड़ बढ़ने पर व्यवस्था सुचारु रखना प्राथमिकता

रक्षाबंधन के दौरान बड़ी संख्या में लोगों के आवागमन को देखते हुए परिवहन विभाग ने बस संचालकों को यात्रियों की सुविधा के अनुरूप व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए हैं। विभाग का प्रयास है कि पर्व के दौरान यात्रियों को समय पर परिवहन सुविधा मिले और भीड़ के कारण किसी प्रकार की अव्यवस्था उत्पन्न न हो।

एआरटीओ डॉ. दिलीप कुमार गुप्त ने कहा कि रक्षाबंधन पर्व के दौरान यात्रियों की संख्या में संभावित वृद्धि को देखते हुए परिवहन व्यवस्था को सुचारु बनाए रखना विभाग की प्राथमिकता है। यात्रियों की सुरक्षा से किसी भी स्तर पर समझौता नहीं किया जाएगा और सड़क सुरक्षा नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

और पढ़ें

[the_ad id="164"]