बहराइच। जिले में विभिन्न समस्याओं और मांगों को लेकर भीम आर्मी एवं शोषित समाज के लोगों ने धरना-प्रदर्शन किया। प्रदर्शन का नेतृत्व भीम आर्मी के पूर्व जिला संयोजक सुरेश पासवान ने किया। प्रदर्शनकारियों ने प्रशासन के सामने 10 सूत्रीय मांगें रखीं और मांगें पूरी न होने पर डीएम चौराहा जाम करने की चेतावनी दी।
प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि दलित और पीड़ित समाज से जुड़े मामलों में उचित सुनवाई नहीं हो रही है। पुलिस पर भी कई मामलों में प्रभावी कार्रवाई न करने का आरोप लगाया गया। बताया गया कि पहले मांगों की संख्या सात थी, जिसे बढ़ाकर अब 10 सूत्रीय कर दिया गया है।
धरने के दौरान महसी क्षेत्र के छत्तरपुर ग्रामसभा स्थित दीवानपुरवा का मामला प्रमुखता से उठाया गया। प्रदर्शनकारियों के अनुसार, यहां करीब 500 चौहान बिरादरी के लोगों के पारंपरिक रास्ते पर विपक्षियों ने तार लगाकर आवागमन रोक दिया है। उन्होंने प्रशासन से रास्ता तत्काल खुलवाने की मांग की।
वहीं दूसरी प्रमुख मांग पयागपुर थाने में दर्ज मुकदमा संख्या 189/36 से जुड़ी बताई गई। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि घटना को 106 दिन बीतने के बावजूद पुलिस ने न तो चार्जशीट दाखिल की और न ही दुर्घटना में शामिल वाहन एवं चालक के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई की।
भीम आर्मी ने प्रशासन को चेतावनी दी कि यदि जल्द उनकी सभी मांगों का समाधान नहीं किया गया और रास्ता नहीं खुलवाया गया तो दोपहर तीन बजे डीएम चौराहा जाम किया जाएगा।
रिपोर्ट: अनिरुद्ध मिश्रा
लोकेशन: जनपद बहराइच, उत्तर प्रदेश









