पोखरे में डूबने से 25 वर्षीय युवक की मौत

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

कुशीनगर जिले के हाटा कोतवाली क्षेत्र से एक दर्दनाक हादसा सामने आया है, जहां आवारा पशु को बचाने की कोशिश में 25 वर्षीय युवक की पोखरे में डूबने से मौत हो गई। घटना नगर पालिका के वार्ड नंबर-7 महाराणा प्रताप रधिया देवरिया क्षेत्र की है।

बताया जा रहा है कि सोमवार सुबह करीब सात बजे रधिया देवरिया गांव निवासी अखिलेश चौहान पुत्र रामदीन चौहान गांव के एक पोखरे में फंसे आवारा पशु को बचाने पहुंचे थे। पशु को बाहर निकालने के दौरान अखिलेश अचानक गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। मौके पर मौजूद लोगों ने उन्हें बचाने के लिए शोर मचाया और पोखरे में उतरकर तलाश शुरू की। करीब पांच से सात मिनट की मशक्कत के बाद ग्रामीणों ने अखिलेश को पानी से बाहर निकाला।

इसके बाद परिजन और ग्रामीण आनन-फानन में उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र हाटा लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद अखिलेश को मृत घोषित कर दिया।

सूचना मिलते ही हाटा कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की तैयारी शुरू की। हालांकि, परिजन पोस्टमार्टम नहीं कराना चाहते थे। पुलिस ने काफी समझाने का प्रयास किया, लेकिन परिजनों ने लिखित रूप से पोस्टमार्टम नहीं कराने की बात कही।

अखिलेश दो भाइयों में सबसे छोटे थे और घर पर रहकर खेती-बाड़ी का काम करते थे। उनके पिता की करीब तीन साल पहले मौत हो चुकी है। घर में मां और दोनों भाई रहते हैं। युवक की अचानक मौत से परिवार में कोहराम मचा हुआ है, जबकि पूरे गांव में मातम पसरा है। ग्रामीणों का कहना है कि एक आवारा पशु की जान बचाने की कोशिश में अखिलेश ने अपनी जान गंवा दी।

और पढ़ें

[the_ad id="164"]