कुशीनगर। महिलाओं से संबंधित शिकायतों के त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण तथा विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी पात्र महिलाओं तक पहुंचाने के उद्देश्य से 25 अगस्त को कप्तानगंज तहसील सभागार में महिला जनसुनवाई एवं जागरूकता चौपाल का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम पूर्वाह्न 11 बजे से होगा।
कार्यक्रम की अध्यक्षता उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की सदस्य श्रीमती जनक नंदिनी करेंगी। जनसुनवाई के दौरान महिलाओं की शिकायतों और समस्याओं को गंभीरता से सुना जाएगा तथा उनके प्रभावी निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए जाएंगे। इसके साथ ही महिला उत्पीड़न से जुड़े मामलों की समीक्षा भी की जाएगी।
जागरूकता चौपाल में महिलाओं को निराश्रित महिला पेंशन, वृद्धावस्था पेंशन, मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, आयुष्मान भारत योजना और उत्तर प्रदेश बाल सेवा योजना सहित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी जाएगी। पात्र महिलाओं का यथासंभव मौके पर पंजीकरण भी कराया जाएगा।
कार्यक्रम स्थल पर स्वास्थ्य विभाग की ओर से स्वास्थ्य शिविर भी लगाया जाएगा। इसमें महिलाओं और बालिकाओं के स्वास्थ्य परीक्षण के साथ आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श उपलब्ध कराया जाएगा।
जिला प्रोबेशन अधिकारी ने जनपद की महिलाओं, बालिकाओं एवं आमजन से अधिकाधिक संख्या में पहुंचकर महिला जनसुनवाई एवं जागरूकता चौपाल का लाभ उठाने की अपील की है।









