निचलौल तहसील पर आप कार्यकर्ताओं का प्रदर्शन, खतौनी और घरौनी की समस्याओं के समाधान की मांग

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

महराजगंज। आम आदमी पार्टी के जिला उपाध्यक्ष जाहिद अली के नेतृत्व में सोमवार को पार्टी कार्यकर्ताओं ने निचलौल तहसील परिसर में विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने जिलाधिकारी महराजगंज के नाम संबोधित दो सूत्री ज्ञापन नायब तहसीलदार को सौंपकर किसानों और ग्रामीणों की समस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग की।

ज्ञापन में कहा गया कि निचलौल तहसील क्षेत्र के हजारों लोगों की खतौनी में अंश निर्धारण नहीं हुआ है। इसके चलते फार्मर रजिस्ट्री और पीएम किसान योजना का ऑनलाइन कार्य प्रभावित हो रहा है। किसानों को गोदाम से खाद-बीज मिलने में भी परेशानी हो रही है और बैंक से किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी) बनवाने में दिक्कत आ रही है। कार्यकर्ताओं ने मांग की कि तहसील में कैंप लगाकर खतौनियों में दर्ज गलत अंश का सुधार कराया जाए।

दूसरी मांग घरौनी से जुड़ी रही। कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि क्षेत्र के हजारों लोगों की घरौनी में नाम, पति का नाम, पिता का नाम, पता और मोबाइल नंबर गलत दर्ज हैं। सुधार के लिए ग्रामीण तहसील के चक्कर लगा रहे हैं, लेकिन कई शिकायतों के बावजूद संशोधन नहीं हुआ है। इसके अलावा घरौनी तैयार होने के बाद भी कई लोगों को उसका वितरण नहीं किया गया है।

आप कार्यकर्ताओं ने निचलौल तहसील में विशेष कैंप लगाकर घरौनी में दर्ज गलत नाम और अन्य विवरण तत्काल दुरुस्त कराने तथा घरौनी का वितरण कराने की मांग की।

प्रदर्शन के दौरान ईश्वर चंद्र पटेल, ओमकार मिश्रा, अमरनाथ गौड़, रामनिवास, शाह फैसल, विनय भारती, उमेश पटेल, दशरथ, अलाउद्दीन, शौकत अली, राधेश्याम, बांके भारती, असगर अली, कृष्ण मुरारी, वकील अहमद, श्रीनिवास, परदेसी, नर्वदेश्वर, मैनुद्दीन, निजामुद्दीन, राजपथ, लारी भाई, अली हसन, हुसैन अली सहित सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे।

और पढ़ें

[the_ad id="164"]