सपा प्रदेश अध्यक्ष श्याम लाल पाल ने भाजपा सरकार पर साधा निशाना, 2027 में हार का किया दावा

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

बहराइच। समाजवादी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष श्याम लाल पाल मंगलवार को जनपद बहराइच पहुंचे। यहां आयोजित समाजवादी पार्टी के PDA जन संवाद कार्यक्रम में उन्होंने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। कार्यक्रम में मटेरा विधायक मारिया शाह समेत पार्टी के कई वरिष्ठ पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।

कार्यक्रम के दौरान सपा प्रदेश अध्यक्ष ने भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधा। मीडिया से बातचीत में उन्होंने दावा किया कि आगामी 2027 के विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी को जनता के बीच करारी शिकस्त का सामना करना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि महंगाई लगातार बढ़ रही है और आम जनता इससे परेशान है।

श्याम लाल पाल ने कहा कि त्योहारों का समय नजदीक है और ऐसे में चीनी समेत कई जरूरी वस्तुओं के दाम बढ़ रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि महंगाई के कारण आम परिवारों का घरेलू बजट प्रभावित हो रहा है। उन्होंने सरकार से आम जनता को राहत देने के लिए आवश्यक कदम उठाने की मांग की।

सपा प्रदेश अध्यक्ष ने शिक्षा व्यवस्था को लेकर भी भाजपा सरकार पर सवाल खड़े किए। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में प्राथमिक विद्यालय बंद किए जा रहे हैं, जबकि विश्वविद्यालयों पर बुलडोजर चलाया जा रहा है। उन्होंने छात्रों और युवाओं से जुड़े मुद्दों को लेकर भी सरकार को घेरा।

श्याम लाल पाल ने कहा कि सरकार की नीतियों से जनता में असंतोष है और आगामी विधानसभा चुनाव में मतदाता अपने वोट के माध्यम से इसका जवाब देंगे। उन्होंने समाजवादी पार्टी के PDA अभियान को मजबूत करने और कार्यकर्ताओं से जनता के बीच पहुंचकर पार्टी की नीतियों को रखने का आह्वान किया।

कार्यक्रम के दौरान पार्टी कार्यकर्ताओं में उत्साह देखने को मिला। सपा नेताओं ने आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर संगठन को मजबूत करने और जनसंपर्क अभियान को गति देने पर जोर दिया।

रिपोर्ट: अनिरुद्ध मिश्रा, बहराइच

और पढ़ें

[the_ad id="164"]