नागरिक उड्डयन विभाग की जमीनों का स्थलीय निरीक्षण, लैंड बैंक तैयार करने की कवायद

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

कसया। नागरिक उड्डयन विभाग की भूमियों को चिन्हित कर व्यवस्थित लैंड बैंक तैयार करने के उद्देश्य से रविवार को लखनऊ से आई टीम ने तहसील कसया क्षेत्र के विभिन्न ग्रामों में स्थलीय निरीक्षण किया। नागरिक उड्डयन के प्रशासनिक अधिकारी अतुल कुमार के नेतृत्व में टीम ने मौके पर पहुंचकर विभाग की जमीनों की वास्तविक स्थिति का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने रिक्त, उपयोग में ली जा रही तथा अतिक्रमित भूमियों को चिह्नित करते हुए उनकी स्थिति की जानकारी ली। टीम ने राजस्व अभिलेखों में दर्ज भूमि और मौके पर उपलब्ध जमीन की स्थिति का भी मिलान किया।

नागरिक उड्डयन के प्रशासनिक अधिकारी ने तहसील स्तरीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों को ग्रामवार भूमि का सत्यापन कर विस्तृत रिपोर्ट तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि रिपोर्ट में भूमि का अभिलेखीय विवरण और मौके की वास्तविक स्थिति स्पष्ट रूप से अंकित की जाए। संबंधित अधिकारियों को भूमि की स्थिति का समुचित सत्यापन कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने को भी कहा गया।

अधिकारियों के अनुसार, निरीक्षण का मुख्य उद्देश्य नागरिक उड्डयन विभाग के स्वामित्व वाली सभी भूमियों को चिह्नित कर उनका व्यवस्थित लैंड बैंक तैयार करना है। भविष्य में इन चिन्हित भूमियों का उपयोग विभिन्न सार्वजनिक कार्यों एवं व्यापक लोकहित में किए जाने की योजना है।

इससे विभागीय भूमि का बेहतर संरक्षण और प्रबंधन होने के साथ ही जनहित में उसका प्रभावी उपयोग सुनिश्चित किया जा सकेगा। इस दौरान कसया तहसीलदार धर्मवीर सिंह, कानूनगो बृजेश मणि सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

और पढ़ें

[the_ad id="164"]